हिंदी
नई दिल्ली: उत्तर और मध्य भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। राजधानी दिल्ली समेत राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश और ओलावृष्टि से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि पिलानी में 44.9, फलौदी में 43.8 और चुरू में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दिल्ली में मंगलवार की रात का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अप्रैल माह में पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक है।
गुजरात के राजकोट में पारा 45.2 डिग्री, अमरेली में 44.3 और सुरेंद्रनगर में 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। महाराष्ट्र के अकोला और जलगांव में तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में रतलाम में तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक 44.2 डिग्री रहा, जबकि होशंगाबाद में 43.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
उत्तर प्रदेश में मौसम दो रंग दिखा रहा है। एक ओर प्रयागराज, फतेहपुर, झांसी, आगरा जैसे जिलों में पारा 40 डिग्री पार कर गया, वहीं दूसरी ओर मैनपुरी समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। तराई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में 10 अप्रैल से तापमान में गिरावट की संभावना है। गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 अप्रैल से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने यह भी कहा है कि आने वाले पांच दिनों में लू चलने की संभावना नहीं है।
कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बुधवार को बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि जम्मू में तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। जम्मू का अधिकतम तापमान 37.0 और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान फिर से बर्फबारी और वर्षा की संभावना जताई है।
Published : 10 April 2025, 7:53 AM IST
Topics : Dynamite News heat IMD report latest weather update North and Central India temperature in delhi Weather in up Weather Update