जौनपुर के सनसनीखेज हत्याकांड और फिरौती में वांछित इनामी गिरफ्तार, जानिये UP STF ने कैसे दबोचा

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में एक साल पहले गोली मारकर एक युवक की हत्या के आरोपी को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 14 February 2025, 7:43 PM IST
google-preferred

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में मार्च 2024 में अपने साथियों संग गोली मारकर एक युवक की हत्या के आरोपी को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पर नीरज यादव पर एक लाख का इनाम था। उसके खिलाफ थाना सिकरारा जनपद जौनपुर में धारा 120बी, 34, 302 का मामला दर्ज था। एसटीएफ से पूछताछ में आरोपी ने इस हत्याकांड को लेकर कई खुलासे किये। 

अभियुक्त की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नीरज यादव उर्फ मोनू पुत्र गिरजाशंकर यादव, निवासी कलवारी, थाना सिकरारा, जौनपुर के रूप में की गई। अभियुक्त को सिकरारा चौराहे से कलवारी रोड पर स्थित यात्री प्रतिक्षालय से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। 

सूचना और एसटीएफ की टीम का गठन
यूपी एसटीएफ को विगत काफी दिनों से फरार पुरस्कार घोषित अपराधियों के सक्रिय होने की सूचना प्राप्त हो रही थी। इस सम्बन्ध में एसटीएफ की विभिन्न इकाईयों टीमों को अभिसूचना संकलन एवं कार्यवाही के लये निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में संजीव कुमार दीक्षित, पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ लखनऊ के पर्यवेक्षण में टीम गठित कर अभिसूचना संकलन की कार्यवाही की जा रही थी।

टीम में शामिल सदस्य 
अभिसूचना संकलन के दौरान ओमशंकर शुक्ला, उपनिरीक्षक प्रताप नारायण सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी सरोज अवस्थी, मुकेश प्रजापति व आरक्षी चालक कुमदेश की टीम जनपद जौनपुर में मौजूद थी। इस दौरान मुखबिर के माध्यम से ज्ञात हुआ कि थाना सिकरारा में वांछित 01 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित अभियुक्त नीरज यादव उर्फ मोनू, सिकरारा चौराहे के पास मौजूद है। 

इस सूचना पर एसटीएफ टीम द्वारा वांछित अभियुक्त नीरज यादव को कलवारी रोड पर स्थित यात्री प्रतिक्षालय थानाक्षेत्र सिकरारा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में अभियुक्त नीरज यादव उर्फ मोनू ने बताया कि दिनांक 7 मार्च 2024 की सुबह लगभग 10.00 बजे प्रमोद कुमार पुत्र स्व राजबली यादव निवासी ग्राम सीठापुर थानाक्षेत्र सिकरारा जनपद जौनपुर अपनी कार द्वारा जौनपुर जा रहे थे। इसी दौरान उसने अपने साथी विजय व 02 अन्य के साथ मिलकर प्रमोद की गोली मारकर हत्या कर दिया था।

50 लाख रूपये की फिरौती 
अभियुक्त ने यह भी बताया कि कुंवर चन्द्र गुप्ता की सिकरारा में गल्ले की दुकान है। 25 जुलाई 2024 को रात्रि में वह साथियों के साथ मिलकर कुंवर चन्द्र गुप्ता पर जान से मारने की नियत से फायर किया था। लेकिन गोली उसे न लगकर पिकअप गाड़ी में लग गयी थी। दिनांक 27 जुलाई 2024 को फोन करके उसने कुंवर चन्द्र गुप्ता से 50 लाख रूपये की फिरौती की माँगी। फिरौती न देने पर उसके दोनों लड़को को जान से मारने की धमकी दिया था। इस घटना के बाद मुम्बई, बिहार आदि शहरों मे अपने रिश्तेदारों के घर पर छुपकर रहने लगा था।

गिरफ्तार अभियुक्त नीरज यादव के खिलाफ 55/2024 धारा 302, 34, 120बी भादवि थाना सिकरारा, जनपद जौनपुर में दाखिल किया गया। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Published :  14 February 2025, 7:43 PM IST

Advertisement