वंदे भारत ट्रेन: कपूरथला रेल कोच फैक्टरी 2022-23 में एक भी ट्रेन सेट नहीं दे सकी, 32 का लक्ष्य था

डीएन ब्यूरो

भारतीय रेलवे की प्रमुख उत्पादन इकाई कपूरथला रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) 2022-23 में एक भी वंदे भारत ट्रेन की आपूर्ति नहीं कर सकी, जबकि 32 का लक्ष्य था।

वंदे भारत ट्रेन (फाइल)
वंदे भारत ट्रेन (फाइल)


नई दिल्ली: भारतीय रेलवे की प्रमुख उत्पादन इकाई कपूरथला रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) 2022-23 में एक भी वंदे भारत ट्रेन की आपूर्ति नहीं कर सकी, जबकि 32 का लक्ष्य था।

दस्तावेजों से पता चला है कि संयंत्र ने इसके लिए अपने आपूर्तिकर्ताओं को ट्रेन सेट के लिए बिजली के कनपुर्जे उपलब्ध नहीं कराने का दोषी ठहराया है।

सूत्रों ने संकेत दिया कि अपने लक्ष्यों को हासिल करने में कारखाने की विफलता से अगस्त, 2024 तक 75 वंदे भारत ट्रेन चलाने की रेलवे की महत्वाकांक्षी योजना प्रभावित हो सकती है।

कोच फैक्टरी न केवल वंदे भारत ट्रेनों के उत्पादन में लक्ष्य से पीछे रह गई, बल्कि सभी प्रकार के कोच के कुल उत्पादन में भी लक्ष्य पूरा नहीं कर सकी।

पीटीआई-भाषा को मिले दस्तावेज के अनुसार, कारखाने ने वित्त वर्ष 2022-23 के अंत तक 1,885 के लक्ष्य के मुकाबले 1,478 कोच का विनिर्माण किया।

फैक्टरी मार्च, 2023 तक सिर्फ 153 थ्रीएचपी मेमू ट्रेनों का विनिर्माण कर सकी, जबकि लक्ष्य 256 का था। इसी तरह वह एलएचबी कोचों के लिए अपने लक्ष्य से भी पीछे रही।

अधिकारियों ने कहा कि कारखाने में वंदे भारत ट्रेन का उत्पादन सितंबर, 2024 तक शुरू होने की संभावना है।

इस साल रेलवे बोर्ड ने आरसीएफ कपूरथला को 64 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन बनाने का लक्ष्य दिया है।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरसीएफ ने वंदे भारत ट्रेनों के लिए फ्रांसीसी बहुराष्ट्रीय रोलिंग स्टॉक विनिर्माता अल्सटॉम के डिजाइन को अभी तक मंजूरी देने की प्रक्रिया पूरी नहीं की है।

 










संबंधित समाचार