यूपी की योगी सरकार ने दिल्ली में चलाया बुलडोजर, रोहिंग्या कैंपों को तोड़कर 2.10 हेक्टेयर जमीन अवैध कब्जों से खाली

डीएन संवाददाता

आज देश की राजधानी दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में सीएम योगी के निर्देशों पर यूपी सरकार ने बड़ी कार्रवाई की। यहां अवैध निर्माण समेत रोहिंग्या कैंपों को तोड़कर 2.10 हेक्टेयर जमीन अवैध कब्जों से मुक्त करवाई गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

फाइल फोटो
फाइल फोटो


नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर यूपी सरकार ने बड़ी कार्रवाई की। यहां अवैध निर्माण समेत रोहिंग्या कैंपों को तोड़कर यूपी सिंचाई विभाग की 2.10 हेक्टेयर जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त करवाया गया। यूपी सरकार गुरुवार लड़के चार बजे ही इस कार्रवाई में जुट गई थी और कुछ ही घंटों में रोहिंग्या कैंपों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन अवैध कब्जों से मुक्त करवा दी गई। 

उत्तर प्रदेश सरकार ने सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या कैंपों को बुल्डोज़र से तोड़ दिया। इसके अलावा कई अन्य कब्जों को ढहा दिया गया। इस कार्रवाई से यूपी सरकार ने अपनी कुल 2.10 हेक्टेयर जमीन अवैध कब्जों से खाली करवा दी, जिसकी कीमत 97 करोड़ रूपये है। 

सिंचाई विभाग ओखला संगठन के अधिशासी अभियन्ता वीके सिंह ने बताया कि मदनपुर खादर में गुरूवार सुबह 04 बजे कार्यवाही करके यूपी सिंचाई विभाग की भूमि पर रोहिंग्या कैम्पों को हटाते हुए तमाम अवैध निर्माण विस्थापित किये गये। यह जमीन दिल्ली के मदनपुर खादर में स्थित है, जिसका कुल क्षेत्रफल 2.1080 हेक्टेअर है, इसकी कीमत 97 करोड़ रूपये है।

जानकारी के मुताबिक यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जलशक्ति मंत्री डा. महेन्द्र सिंह ने इन अवैध कब्जों को हटाने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये थे। इन अधिकारियों ने दिल्ली प्रशासन के अधिकारियों के साथ 20 जुलाई, 2021 को बैठक करके इस जमीन को खाली कराये जाने का निर्णय लिया।

उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस और स्वयं सेवकों की मदद से ग्राम मदनपुर खादर में सिंचाई विभाग की विभागीय भूमि खसरा नं0- 612 को अतिक्रमण युक्त करा लिया गया। इस कार्यवाही के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों में सहायक अभियंता धीरज कुमार प्रथम, जिलेदार शशिभान सिंह के अलावा अन्य राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।










संबंधित समाचार