Inflation: बढ़ती महंगाई से परेशान है हर व्यक्ति, जानिये किन वजहों से बढ़ती है महंगाई

बढ़ती महंगाई की समस्या प्रत्येक व्यक्ति को प्रभावित करती है, जिसके कारण गरीब एवं निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को आवश्यक चीजों में भी कटौती करनी पड़ती है। लेकिन क्या आपको पता है कि महंगाई किस वजह से बढ़ती है। जानने के लिए पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट

Updated : 22 September 2022, 4:31 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: आज हमारे समक्ष अनेकों समस्याएं हैं, जिनमें से एक बढ़ती महंगाई भी है। बढ़ती महंगाई की समस्या प्रत्येक व्यक्ति को प्रभावित करती है, जिसके कारण गरीब एवं निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को आवश्यक चीजों में भी कटौती करनी पड़ती है।

आपने देखा होगा कि पिछले कुछ महीनों में आपके घर का बजट बढ़ गया होगा और अब आप रोजमर्रा की जरूरतों पर ज्यादा पैसा खर्च कर रहे होंगे। इस स्थिति को ही महंगाई कहते हैं। यानी महंगाई का मतलब ही यही है कि आपका खर्च बढ़ गया है, जबकि आय में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है।

दिन प्रतिदिन बढ़ती महंगाई से ग्रस्त व्यक्ति को मजबूर होकर अपनी जरूरतों से समझौता करना पड़ता है। एक आम व्यक्ति को अपने प्रतिदिन के जीवन में उपयोग होने वाली चीजों के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है और ऊपर से बढ़ती महंगाई उसे और परेशान कर देती है।

डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में हम आपको बताएंगे कि आखिर किन वजहों से चीजों के दाम बढ़ते हैं और महंगाई की दर अधिक हो जाती है।

महंगाई बढ़ने का कारण- 1

बढ़ती महंगाई की एक वजह डॉलर महंगा होना है। डॉलर महंगा होने से भारत का आयात और महंगा होता जा रहा है। इससे घरेलू बाजार में चीजों के दाम भी बढ़ रहे हैं। यूं तो दुनिया भर में हाल के दिनों में महंगाई बढ़ी है। इसकी अहम वजह कोविड की वजह से सप्लाई के मोर्चे पर दिक्कत से लेकर हाल में रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से तेल और खाद्य वस्तुओं के दाम में इजाफा है।

महंगाई बढ़ने का कारण- 2

बढ़ती महंगाई की एक और वजह कालाबाजारी भी होती है। कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए और जब तक सरकार इसे रोकने के लिए कड़े कदम नहीं उठाएगी, तब तक ऐसा चलता ही रहेगा। आम जनता कालाबाजारी को रोकने के लिए एक कदम यह उठा सकती है कि जिस अनाज का मूल्य बहुत अधिक बढ़ जाए, उसे न खरीदे। जब किसी अनाज की फसल की पैदावार पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पाती है, तो उससे भी उसका मूल्य अपने आप बढ़ जाता है। यह भी अनाज के महंगे होने का एक कारण होता है। सरकार को भ्रष्टाचार को रोकने के लिए भी कठोर कदम उठाने चाहिए, जिससे लगातार बढ़ रही महंगाई पर अंकुश लगे।

महंगाई बढ़ने का कारण- 3

आरबीआई मुद्रास्फीति में वृद्धि का प्रमुख कारण रूस-यूक्रेन युद्ध और उससे जिंसों के दाम में तेजी को बताता रहा है। क्रिसिल रिसर्च ने एक रिपोर्ट में कहा कि खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर का मुख्य कारण आपूर्ति की कमी है। आपूर्ति कम होने की वजह रूस-यूक्रेन युद्ध के साथ घरेलू स्तर पर गर्मी का अचानक से बढ़ना है। बढ़ती महंगाई की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और प्रतिदिन की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे लोगों को इसने सबसे अधिक परेशान कर रखा है।

Published : 
  • 22 September 2022, 4:31 PM IST