सपा प्रमुख अखिलेश यादव का विपक्षी दलों के गठबंधन नाम ‘इंडिया’ पर पहला बड़ा बयान, बोले- BJP का फेयरवेल गेट टुगेदर

डीएन ब्यूरो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ बनाये गये 26 विपक्षी दलों के गठबंधन नाम ‘इंडिया’ पर बड़ा बयान सामने आया है। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में पढ़िये क्या बोले अखिलेश यादव



नई दिल्ली: आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ एकजुट होने के लिये विपक्षी दलों द्वारा बनाये गये गठबंधन ‘इंडिया’ नाम को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पहला और बड़ा बयान सामने आया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का ‘इंडिया’ गठबंधन बनने के साथ ही सत्ता से भाजपा की विदाई भी तय हो गई है।

बेंगलुरु में मंगलवार को हुई 26 विपक्षी दलों की बैठक के बाद अखिलेश यादव  ने गठबंधन "I-N-D-I-A” पर कहा कि यह नाम काफी अच्छा है, क्योंकि इसका एक खास मैसेज है। इस मैसेज में देश का डेवलपमेंट  और इंक्लूजिवनेस है, जिससे हमारा देश तरक्की करे और खुशहाली के रास्ते पर आगे जाए।

इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि इस एलायंस की सबसे बड़ी जीत तो तभी हो गई, जब भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने गंठबंधन के नेताओं को उसी तारीख को बुलाया, जिस दिन इंडिया गठबंधन बनाया। इंडिया गठबंधन बनने के बाद भाजपा गठबंधन की बैठक हुई, जिसके बाद उन्होने पार्टी या जो भी हो सकता है, वो सब कुछ किया।

उन्होंने कहा कि जनता आने वाले का इंतजार करती है, जाने वाले की विदाई करती है। ये भाजपा का फेयरवेल गेट टुगेदर था। देश की जनता ने भाजपा को सत्ता से हटाने के मन बना लिया है।

बता दें कि अपने गठबंधन के लिए ‘इंडिया’ नाम चुनने की घोषणा के एक दिन बाद विपक्षी दलों ने 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इसके लिए ‘जीतेगा भारत’ टैगलाइन को चुना है।










संबंधित समाचार