राजीव गांधी हत्याकांड में दोषी नलिनी ने जेल में की सुसाइड की कोशिश, प्रशासन में हड़कंप

डीएन ब्यूरो

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या में दोषी और 29 सालों से जेल में सजा काट रही नलिनी ने जेल में साड़ी से सुसाइड करने का प्रयास किया, जिससे पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया। पूरी खबर..

नलिनी श्रीहरन (फाइल फोटो)
नलिनी श्रीहरन (फाइल फोटो)


नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या में जेल में सजा काट रही नलिनी श्रीहरन द्वारा जेल में खुदकुशी करने की खबर सामने आ रही है। बताया जाता है कि एक कैदी से झगड़ा होने के बाद नलिनी ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस घटना के सामने आने से जेल में हड़कंप मच गया।

नलिनी श्रीहरन उन सात दोषियों में एक है, जिन्हें राजीव गांधी की हत्या में दोषी करार दिया जा चुका है। नलिनी द्वारा सुसाइड का यह प्रयास सोमवार रात को किया गया। हालांकि कुछ रिपोर्टों में ये भी कहा जा रहा है कि नलिनी ने केवल आत्महत्या करने की धमकी दी थी। कुछ मीडिया रिपोर्टों में नलिनी पर यह भी आरोप है कि वह अपने साथ के कैदी को लगातार धमकी दे रही थी और उसे एक हेल्पर के रूप में इस्तेमाल कर रही थी।

नलिनी पिछले 29 सालों से तमिलनाडु के वेल्लोर जेल में सजा काट रही हैं। राजीव गांधी की हत्या में दोषी नलिनी द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने के मामले की जांच की जा रही और इसके पीछे की असली वजहों का पता लगाया जा रहा है। 

29 सालों में ऐसा पहली बार है, जब नलिनी द्वारा इस तरह का आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया गया हो। इसलिये जेल प्रशासन भी इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। 

जानकारी के मुताबिक  नलिनी ने अपनी साड़ी से जेल में खुदकुशी की कोशिश की। बताया जाता है कि जेल में बंद एक अन्य कैदी से नलिनी का झगड़ा हो गया था। 










संबंधित समाचार