‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ में ओडिशा कांग्रेस को मिला 11 दलों का समर्थन

डीएन ब्यूरो

ओडिशा के सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने लोकसभा से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अयोग्यता के मुद्दे से दूरी बनाए रखी। वहीं, कम से कम 11 अन्य दलों ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लड़ने का संकल्प लिया और विपक्षी नेताओं को चुप कराकर ‘लोकतंत्र की हत्या’ करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस को मिला 11 दलों का समर्थन
कांग्रेस को मिला 11 दलों का समर्थन


भुवनेश्वर: ओडिशा के सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने लोकसभा से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अयोग्यता के मुद्दे से दूरी बनाए रखी। वहीं, कम से कम 11 अन्य दलों ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लड़ने का संकल्प लिया और विपक्षी नेताओं को चुप कराकर ‘लोकतंत्र की हत्या’ करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस की ओडिशा इकाई को वामपंथी, समाजवादी पार्टी, राजद और आम आदमी पार्टी (आप) सहित कई अन्य पार्टियों का समर्थन मिला और उन्होंने ओडिशा में ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान का समर्थन करने का संकल्प लिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शरत पटनायक की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन दलों ने भाजपा की कथित अलोकतांत्रिक गतिविधियों को उजागर करने के लिए राज्य भर में कम से कम पांच बड़ी रैलियां करने का फैसला किया।

राज्य कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि पार्टियां 14 अप्रैल से डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती से अभियान शुरू करेंगी।

केरल की वायनाड सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले राहुल गांधी को शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिया गया था।

इससे एक दिन पहले, सूरत की एक अदालत ने 2019 के आपराधिक मानहानि के एक मामले में राहुल को दोषी करार देते हुए उन्हें दो साल के कारावास की सजा सुनाई थी। यह मामला ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई उनकी एक कथित टिप्पणी के लिए दायर किया गया था।










संबंधित समाचार