Cold Waves: दिल्ली में 1.8 डिग्री तक लुढ़का पारा, यूपी में भी शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप, जानिये कब मिलेगी राहत

डीएन ब्यूरो

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी है। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में पढ़िये मौसम का अपडेट

दिल्ली जबरदस्त ठंड और कोहरे की चपेट में
दिल्ली जबरदस्त ठंड और कोहरे की चपेट में


नई दिल्ली: पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली के अलावा उत्तर भारत में भी कड़ाके की ठंड जारी है। शीतलहर के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं। यूपी में धुंध, कोहरे और शीतलहर के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने आठ जनवरी तक यूपी समेत दिल्ली में कड़ाके की ठंड का कहर जारी रहने का अनुमान जताया है।

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को भी लगातार दूसरे दिन भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। शुक्रवार सुबह दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 

दिल्ली के चार केंद्रों सफदरजंग, आयानगर, रिज व लोदी रोड में शीत लहर का प्रकोप है। गुरुग्राम का भी तापमान आज तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीतलहर के कारण नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में भी तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत और देश के मध्य तथा पूर्वी हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग ने अभी सात जनवरी तक शीतलहर का अनुमान जताया है। उसके बाद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। अधिकतम तापमान 18-20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री तक पहुंच जाएगा।

उत्तर प्रदेश मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में और ज्यादा ठंड पड़ने की संभावना व्यक्त की है। घने कोहरे की वजह से सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित है। उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाली दर्जनों ट्रेनें कई-कई घंटों की देरी से चल रही हैं। घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम होने की वजह से लोगों को सड़कों पर वाहन चलाने में दिक्कत महसूस हो रही है।










संबंधित समाचार