यूपी में 6 साल पुरानी हत्या का दिल्ली में खुलासा, पहचान छुपा आरोपी बेच रहा था सब्जी

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश में 2014 में हुए हत्याकांड का पूरा खुलासा देश की राजधानी दिल्ली में हुआ। हत्या के बाद फरार आरोपी पहचान छुपाकर सब्जी बेच रहा था। पढिये, डाइनामाइट न्यूज की पूरी खबर..

फाइल फोटो
फाइल फोटो


फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश में 6 साल पहले हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पूरा खुलासा देश की राजधानी में हुआ। 2014 में गोली मारकर हत्या के बाद फरार मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। वह दिल्ली में अपनी असली पहचान छुपाकर सब्जी बेच रहा था। पुलिस ने इस शातिर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। 

हत्या की यहा घटना 2014 में यूपी फिरोजाबाद स्थित थाना जसराना क्षेत्र के गांव भैंडी में हुई थी। यहां जुगेन्द्र सिंह पुत्र लेजम सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस हत्याकांड में चार आरोपी थे। गांव के ही किशनपाल पुत्र नत्थू सिंह, उसका भाई अशोक, राजवीर पुत्र अंतराम,आसाराम पुत्र डिप्टी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आशाराम, राजवीर तथा अशोक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। किशनपाल उसी समय से घर से फरार चल रहा था।

गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपियों को इस मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी है। जबकि चौथा और मुख्य आरोपी किशनपाल घटना के बाद से ही फरारा चल रहा था।

इस बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि जुगेन्द्र हत्याकांड का मुख्य आरोपी किशनपाल दिल्ली में अपनी असली पहचान छुपाकर रह रहा है। यह आरोपी यूपी पुलिस से बचने के लिए दिल्ली भाग गया था। 

पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर दिल्ली में आरोपी की तलाश शुरू की और उसे दबोच लिया गया। यह शातिर आरोपी पुलिस औऱ आम जनता से बचने के लिये अपनी पहचान छिपाकर दिल्ली में सब्जी बेच रहा था। पुलिस ने दबिश देकर दिल्ली से गिरफ्तार इस आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। इस आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी रखा था।
 










संबंधित समाचार