महराजगंज: युवती की हत्या कर आत्महत्या का रंग देने के लिये पेड़ से लटकाया गया शव!

डीएन संवाददाता

पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बैदा में एक युवती का पेड़ से लटकता शव मिला। मृतका जिस रस्सी से लटकती मिली वह काफी हल्के पुआल की थी। लड़की का एक हाथ टूटा हुआ था और उसके पैर भी जमीन को छू रहे थे। पूरी खबर..

मौके पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण
मौके पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण


महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम सभा बैदा के करमहा टोले में एक युवती की हत्या कर उसके शव को शीशम के पेड से लटकाया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम-प्रसंग के चलते युवती की हत्या की गयी। वहीं कुछ लोगों ने लड़की के साथ दुराचार के बाद हत्या की आशंका जताई है। पनियरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के परिजन

 

जानकारी के मुताबिक मृत युवती रविवार को दो बजे दोपहर से ही घर से गायब थी। आम तोड़ने गये कुछ बच्चों ने उसके शव को पेड़ से लटकता देख शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने मृतक की पहचान नीलम पुत्री महेन्द्र सहानी के रूप में की। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पनियरा पुलिस पहुचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। 

स्थानीय लोगों की माने तो प्रेम-प्रसंग को लेकर लड़की की हत्या की गयी है। कुछ लोगों का शक है कि दुराचार के बाद लड़की की हत्या की गयी। लोगों का कहना है कि पेड़ से लटकते मृतका को देखकर यह आत्महत्या का मामला नहीं लगता है। क्योंकि जिस रस्सी से युवती को लटकाया गया है, वह रस्सी पुआल की है और लड़की का पैर भी पूरी तरह जमीन पर सटा हुआ है। इसके अलावा मृतका का बायां हाथ टूटा हुआ है और दोनो पैरों में कीचड लगा हुआ है जबकि जहां शव बरामद किया गया वहां दूर-दूर तक कीचड नहीं है। हाथ टूटना लड़की के साथ मारपीट की ओर इशारा कर रहा है।

मृतक लड़की के परिजनों का कहना है कि हमारी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। बहरहाल पुलिस भी मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुट गयी है। 
 










संबंधित समाचार