महराजगंज: इलाज के लिये जा रहे विदेशी कैदी ने रास्ते में तोड़ा दम, जेल प्रशासन में हड़कंप

डीएन संवाददाता

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर से कुछ माह पूर्व गिरफ्तार और महराजगंज के जिला कारागार में बंद एक विदेशी कैदी की अचानक मौत हो गयी। विदेशी सजायाफ्ता कैदी की मौत से जेल प्रशासन भी सकते में है। पूरी खबर..

जिला कारागार महराजगंज
जिला कारागार महराजगंज


महराजगंज: यहां के जिला कारागार में बंद नीदरलैंड के कैदी ने इलाज के लिये लखनऊ भेजे जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। सजायाफ्ता विदेशी कैदी की अचानक मौत होने से जेल अधिकारियों समेत जिला प्रशासन में हड़कंप है।  

 

 

जानकारी के मुताबिक नीदरलैंड का रहने वाला कार्लोस पिछले 10 सितंबर से जिला कारागार में सजा काट रहा था। कार्लोस को सोनौली बॉर्डर से धारा 419, 420 और विदेशी अधिनियम 1014 के तहत में गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि कार्लोस जमानत न मिलने की वजह से परेशान था और इस कारण वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेसन में चल रहा था।

डिप्रेसन के चलते कार्लोस को इलाज के लिये 23 मई को गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे लखनऊ केजीएमयू के लिये रेफर किया। बीती रात इलाज के लिये लखनऊ जाते समय कार्लोस ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। 

जेल अधीक्षक एके सिंह ने डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत में बताया की नीदरलैंड एम्बेसी समेत सभी संबंधित अधिकारियों को कार्लोस के मौत की सूचना दे दी गयी। इस बारे में प्रशासन द्वारा आगे की उचित कार्यवाही की जा रही है। महराजगंज जेल में कार्लोस 10 सितंबर से बंद था।
 










संबंधित समाचार