महराजगंज: मछली मारने को लेकर हुए विवाद में युवक को लाठी-डंडों से मार डाला, तीन गिरफ्तार, चौथा फरार

डीएन ब्यूरो

मछली मारने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी गयी। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार है। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट..

युवक की मौत से घर पर मचा कोहराम
युवक की मौत से घर पर मचा कोहराम


घुघली (महराजगंज): घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पौहरिया कोईरि टोला में मछली मारने के दौरान हुए विवाद में एक युवक को लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटकर अधमरा कर दिया। परिजन घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के पत्नी की तहरीर पर घुघली पुलिस में 4 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चौथे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

 

जानकारी के मुताबिक बीती मगंलवार की रात लगभग 9:30 बजे ग्रामसभा पौहरिया कोईरि टोला गांव में दो पक्षों में मछली मारने को लेकर विवाद हो  गया। मारपीट में 30 वर्षीय सदानंद गौड़ पुत्र लालजी की मौत हो गई।

बताया जाता है कि मृतक के ही एक खेत में मछली पकड़ने के लिए बांध बनाकर झिमर लगाया था। उसी बांध पर गांव के चार युवक अपना भी झिमर लगाने का प्रयास करने लगे। मृतक सदानंद ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। किसी तरह से गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया और मामले को शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक सदानंद जब रात लगभग 9:30 बजे घर को लौट रहा था, तभी आरोपियों ने गांव में ही लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। जिससे वह अधमरा हो गया। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन मौके पर पहुंचकर सदानंद की हालत नाजुक देख कर उसे जिला अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में घुघली पुलिस मृतक के पत्नी सावित्री की तहरीर पर गोलू, संदीप व संतोष के अलावा रविंदर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। घुघली थाना के उप निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि आरोपी गोलू,संतोष व संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है रविंदर जो फरार है उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिये भेजा गया।










संबंधित समाचार