मध्य प्रदेश: शिवराज कैबिनेट का तीसरी बार विस्तार, सिंधिया समर्थक इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

डीएन ब्यूरो

मध्य प्रदेश में नये साल के मौके पर आज शिवराज कैबिनेट का तीसरी बार विस्तार किया गया। सिंधिया समर्थकों समेत कई विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

राजभवन में आयोजित किया गया शपथ ग्रहण समारोह
राजभवन में आयोजित किया गया शपथ ग्रहण समारोह


भोपाल: मध्य प्रदेश में नये साल के मौके पर आज शिवराज कैबिनेट की मंत्रिमंडल का फिर एक बार विस्तार किया गया। शिवराज कैबिनेट का यह तीसरा विस्तार है, जिसमें सिंधिया समर्थक तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गयी। मंत्रिमंडल में शामिल इन दोनों नेताओं को कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण के बाद गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सरकार में शामिल होने के लिये बधाई दी। शिवराज ने ट्वीट कर लिखा कि, अब एक नई ऊर्जा के साथ हम साथ मिलकर मध्य प्रदेश की प्रगति एवं विकास के लिए कार्य करेंगे। शिवराज ने यह भी कहा कि “मैं आश्वस्त हूँ कि आप पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव से मध्यप्रदेश के कल्याण और प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे और एक आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण में योगदान देंगे। 

शिवराज कैबिनेट में जगह पाने वाले गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट को राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का खासा समर्थक माना जाता है। सादगी पूर्ण ढंग से राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की उपस्थिति में इन दोनों नेताओं को शपथ दिलाई। माना जा रहा है कि दोनों को पूर्व के विभागों की ही जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

गौरतलब है कि पिछले साल मार्च में सरकार गठन के बाद सबसे पहले शिवराज सरकार में 5 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसके बाद 2 जुलाई को दोबारा कैबिनेट का विस्तार किया गया, जिसमें 28 मंत्रियों ने शपथ ली। इस तरह से राज्य में कुल 33 मंत्री हो गए थे। रविवार को शिवराज सरकार ने आज तीसरी बार मंत्रमंडल का विस्तार किया, जिसमें दो मंत्रियों को शपथ दिलाई गयी।

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश कैबिनेट में मुख्यमंत्रियों समेत मंत्रियों की संख्या अधिकतर 34 हो सकती है। मौजूदा समय में शिवराज कैबिनेट में छह मंत्री पद के जगह खाली थे, लेकिन दो ही मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है। ऐसे में समझा जाता है कि आने वाले दिनों में शिवराज कैबिनेट में अन्य नेताओं को भी स्थान मिल सकता है।   
 










संबंधित समाचार