फैक्टरी में आग से चार लोगों की मौत, मालिक समेत आठ लोगों के खिलाफ़ मामला दर्ज

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र में स्थित एक फोम फैक्टरी में बुधवार शाम लगी भीषण आग में जलकर चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने फैक्टरी के मालिक समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

फैक्टरी में आग लगी (फाइल)
फैक्टरी में आग लगी (फाइल)


बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र में स्थित एक फोम फैक्टरी में बुधवार शाम लगी भीषण आग में जलकर चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने फैक्टरी के मालिक समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) राज कुमार अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि फरीदपुर थाना क्षेत्र में अशोका पीयू फोम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे तेज धमाके के बाद आग लग गई थी।

इस घटना में अरविंद, राकेश, अनूप और अखिलेश शुक्ला नामक व्यक्तियों की झुलस कर मौत हो गई थी।

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद फैक्टरी के मालिक अशोक गोयल, नीरज गोयल और फैक्टरी के प्रबंधक अजय सक्सेना को नामजद करते हुए पांच अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, घटना से आक्रोशित मृतकों के परिजन ने फैक्टरी मालिकों के खिलाफ प्रदर्शन किया और लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रास्ता जाम कर दिया। इसकी वजह से कुछ घंटों के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुल गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे के वक्त फैक्टरी में करीब 150 कर्मचारी काम कर रहे थे। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब साढ़े 10 बजे आग पर काबू पाया गया।

अग्रवाल ने बताया कि फरीदपुर के हरहरपुर निवासी प्रमोद मिश्रा ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनका भाई अरविंद मिश्रा (20) फैक्टरी में मशीन चलाता था। मशीन काफी पुरानी हो चुकी थी। अरविंद और कई कर्मचारियों ने मशीन के सिलिंडर बदलने को कहा था लेकिन फैक्टरी मालिक नीरज गोयल, अशोक गोयल, मैनेजर अजय सक्सेना पुरानी मशीन पर काम कराते रहे और इसी कारण हुई दुर्घटना से आग लग गई।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कई अन्य लोग झुलस गए हैं। धमाका इतना तेज था कि करीब 500 मीटर दूर स्थित गांव में भी लोग सहम गए। आग की लपटें काफी दूर से स्पष्ट दिखाईं दे रहीं थी।

 










संबंधित समाचार