
फतेहपुर: जनपद के मीराई गांव की बेटियों ने बुधवार को राष्ट्रीय योगासन खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। केरल के त्रिवेंद्रम में 29-31 मार्च तक आयोजित 5वीं राष्ट्रीय योगासन खेल प्रतियोगिता में इन बेटियों ने दो रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
मीराई गांव की बेटियों ने बढ़ाया मान
प्रतियोगिता में नीतू सिंह ने रजत पदक, रिचा गुप्ता ने रजत और कांस्य पदक और अनामिका ने कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश योगासन खेल संघ की टीम के संयुक्त सचिव विनय कुमार श्रीवास्तव, टीम मैनेजर डॉ. दुर्गेश कुमार, टेक्निकल सचिव राखी सरकार, नेशनल योगासन जज दीक्षा गुप्ता और कोच पंकज तिवारी व नीतू शुक्ला भी टीम के साथ मौजूद रहे।
मिजोरम के राज्यपाल ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ मिजोरम के राज्यपाल कुमानम् राजशेखरम् ने किया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने कुल 25 पदक जीते। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर फतेहपुर की बेटियों का चयन एशिया कप दुबई के लिए हुआ है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
योगासन को सुविधाएं देने की जरूरत
उत्तर प्रदेश योगासन खेल संघ के टीम मैनेजर और चैंपियनशिप डायरेक्टर डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा, "योगासन को अन्य खेलों की तरह सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए। खिलाड़ियों को उचित संसाधन और प्रोत्साहन देने से वे देश का नाम रोशन कर सकते हैं।"
प्रतियोगिता में नोरूल इस्लाम यूनिवर्सिटी केरला के अध्यक्ष, केरल योगासन खेल संघ की यमुना मैथ्यू, सिनिजा गनेश, एशियन योगासन खेल संघ के महासचिव रमेश लोहान और राष्ट्रीय योगासन खेल महासंघ के महासचिव डॉ डीके शर्मा उपस्थित रहे।
Published : 2 April 2025, 7:32 PM IST
Topics : Asia Cup Asia Cup UAE Fatehpur fatehpur news Latest News National UP News uttar pradesh yoga compitition