हिमाचल प्रदेश के नये CM होंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी सीएम, शपथ ग्रहण समारोह कल

डीएन ब्यूरो

चुनाव नतीजों के बाद दो दिन दिन तक चली मंथन के बाद हिमाचल प्रदेश के नये मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम को आलाकमान ने मंजूरी दी है। उनके साथ ही मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया जायेगा। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल के नये सीएम (फाइल फोटो)
सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल के नये सीएम (फाइल फोटो)


नई दिल्ली: विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करने के बाद हिमाचल प्रदेश में सरकार गठन की प्रक्रिया में जुटी कांग्रेस को राज्य का नया मुख्यमंत्री मिल गया है। दो दिन दिन तक चले मंथन के बाद हिमाचल प्रदेश के नये मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम सामने आया है। कांग्रेस आलाकमान ने भी सीएम पद के लिये सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम मंजूरी दे दी है। उनको विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के नये सीएम होंगे, जबकि मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम होंगे। 

हिमाचल के नये मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री के रूप में मुकेश अग्निहोत्री कल सुबह 11 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। 

इससे पहले शिमला में शुक्रवार को कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भूपेश बघेल और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की पार्टी विधायकों के साथ हुई मीटिंग में भी सीएम पद के चेहरे पर मुहर नहीं लग सकी, जिसके बाद विधायकों ने एक लाइन का प्रस्ताव पास कर पार्टी हाईकमान पर फैसला छोड़ दिया था। कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने पार्टी हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसके बाद सुक्खू के नाम को मंजूरी दी गई।

सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल में रिकॉर्ड 5वीं बार विधायक चुने गए हैं। 58 साल के सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस कैंपेन कमेटी के प्रमुख हैं। इन चुनावों में उन्होंनें भाजपा के विजय अग्निहोत्री को 3363 मतों के अंतर से मात दी।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीजी और एलएलबी की पढ़ाई की है। सुक्खू ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में तब की थी जब वह सरकारी कॉलेज संजौली, शिमला में छात्र थे। 26 मार्च 1964 को जन्मे सुखविंदर सिंह की पत्नी का नाम कमलेश ठाकुर है और उनकी दो बेटियां हैं।










संबंधित समाचार