CAA Protest: उत्तर प्रदेश में मरने वालों की संख्या बढ़ी

डीएन ब्यूरो

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देश के कई राज्यों में अभी भी विरोध प्रदर्शन जारी है। उत्तर प्रदेश में इस प्रदर्शन में कई लोगों की जान भी गई है। साथ ही कई पुलिसकर्मी भी बुरी तरह घायल हुए हैं। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ पर पूरी खबर...

यूपी में विरोध प्रदर्शन करते लोग
यूपी में विरोध प्रदर्शन करते लोग


लखनऊः उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में लोगों की जान चली गई है। साथ ही इस प्रदर्शन में हिंसा फैलाने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

हिंसक विरोध प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। वहीं उत्तर प्रदेश में घायल पुलिसकर्मियों का आंकड़ा 263 पहुंच चुका है। इसमें 57 पुलिसकर्मी प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से घायल हुए हैं। बता दें कि हिंसा को देखते हुए यूपी के 21 जिलों की इंटरनेट सेवाएं बंद की गई हैं। हिंसा के मामलों में अलग-अलग जिलों में 124 आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 705 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 4500 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

हिंसा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्माचार्यों और प्रबुद्ध वर्ग से शांति बहाली के लिये सरकार का साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धर्माचार्य एवं प्रबुद्ध वर्ग शान्ति कायम रखने में जुटे प्रशासन का सहयोग करते हुए हर नागरिक को वस्तुस्थिति की जानकारी दें कि नागरिकता कानून भारत के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारण्टी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की सरकार हर नागरिक की है। सरकार और कानून-व्यवस्था पर भरोसा रखें। किसी के बहकावे में न आएं। कानून को अपने हाथ में न लें। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति के आधार पर कार्य कर रही है। 










संबंधित समाचार