PM Modi in Aligarh: यूपी चुनाव से पहले अलीगढ़ को स्टेट यूनिवर्सिटी का बड़ा तोहफा, जानिये पीएम मोदी के संबोधन की खास बातें

डीएन ब्यूरो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी चुनाव से पहले मंगलवार को अलीगढ़ को राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का तोहफा दे दिया है। पीएम मोदी ने स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने के साथ यूपी को डिफेंस कॉरिडोर की सौगात भी दी। जानिये पीएम मोदी के संबोधन की खास बातें

राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास पर पीएम मोदी व अन्य
राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास पर पीएम मोदी व अन्य


अलीगढ़: उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अलीगढ़ दौरे पर पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के साथ यूपी को डिफेंस कॉरिडोर के रूप में बड़ी सौगात दी। इस खास मौके पर पीएम मोदी के साथ यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ समेत अन्य कई नेता भी मौजूद हैं। पीएम मोदी ने यहां नई यूनिवर्सिटी के मॉडल का जायजा लिया और यूपी में डिफेंस कॉरिडोर के महत्व को भी बताया।

अलीगढ़ में कार्यक्रम को संबोधित करते पीएम मोदी 

पीएम मोदी ने राजा महेन्द्र सिंह राज्य विश्वविद्यालय का बटन दबाकर शिलान्‍यास किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय पर बनाई गई फिल्म भी दिखाई गई। फिल्म में राजा महेंद्र प्रताप के संक्षेप इतिहास के साथ ही शिक्षा के गुणवत्ता के बारे में भी बताया गया है। विश्वविद्यालय डिफेंस से सम्बंधित पढ़ाई भी करायी जायेगी। पीएम मोदी ने राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास एवं उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, अलीगढ़ नोड की प्रगति समीक्षा भी की।

राजा महेन्द्र सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना 92 एकड़ से अधिक क्षेत्र में की जायेगी। यह विश्वविद्यालय अलीगढ़ की कोल तहसील के ग्राम लोढ़ा और गांव मुसेपुर करीम जरौली में स्थापित हो रहा है। यह अलीगढ़ संभाग के 395 कॉलेजों को संबद्धता प्रदान करेगा।

पीएम मोदी इस मौके पर अलीगढ़ में एक कार्यक्रम को भी संबोधित कर रहे हैं। जानिये पीएम मोदी के अब तक के संबोधन की खास बातें।

1) यूपी के लोग भूल नहीं सकते कि पहले यहां किस तरह के घोटाले होते थे, किस तरह राज-काज को भ्रष्टाचारियों के हवाले कर दिया गया था। आज योगी जी की सरकार पूरी ईमानदारी से यूपी के विकास में जुटी हुई है।

2) एक दौर था जब यहां शासन-प्रशासन, गुंडों और माफियाओं की मनमानी से चलता था। लेकिन अब वसूली करने वाले, माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं।
मुझे आज ये देखकर बहुत खुशी होती है कि जिस यूपी को देश के विकास में एक रुकावट के रूप में देखा जाता था, वही यूपी आज देश के बड़े अभियानों का नेतृत्व कर रहा है।

3) आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। ये तब होता है जब निवेश के लिए ज़रूरी माहौल बनता है, जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है।

4) आज देश ही नहीं दुनिया भी देख रही है कि आधुनिक ग्रेनेड और राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, ड्रोन, युद्धपोत तक भारत में ही निर्मित किए जा रहे है। भारत दुनिया के एक बड़े defence importer की छवि से बाहर निकलकर दुनिया के एक अहम defence exporter की नई पहचान बनाने की तरफ बढ़ रहा है।

5) राजा महेंद्र प्रताप सिंह जी के जीवन से हमें अदम्य इच्छाशक्ति, अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली जीवटता सीखने को मिलती है। वो भारत की आजादी चाहते थे और अपने जीवन का एक-एक पल उन्होंने इसी के लिए समर्पित कर दिया था। 

6) हमारी आजादी के आंदोलन में ऐसे कितने ही महान व्यक्तित्वों ने अपना सब कुछ खपा दिया। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और राष्ट्र नायिकाओं की तपस्या से देश की अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। 

7) ऐसे महान विभूतियों और व्यक्तित्वों गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गईं। 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है।

8) मैं आज इस धरती के महान सपूत, स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं। आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश होते।










संबंधित समाचार