अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव, मध्य प्रदेश की सभी सीटों पर अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी सपा

डीएन ब्यूरो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा सियासी ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी


लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी  के पर्व सीएम अखिलेश यादव ने बड़ा सियासी ऐलान किया है। अखिलेश ने बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अखिलेश यादव का यह दांव पार्टी के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी नेता और कार्यकर्ता एमपी चुनाव की तैयारियों में जुट गये हैं।

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के सपा प्रदेश अध्यक्ष रामायण सिंह पटेल ने गत दिनों अखिलेश यादव को पूरे एमपी में चुनाव लड़ने का सुझाव दिया था। माना जा रहा है कि सपा अध्यक्ष ने इसी सुझाव पर विचार करने के बाद यह ऐलान किया है। इसके अलावा हाल में गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा लहर के बावजूद भी सपा को मिली एक सीट पर जीत का फैक्टर भी इस फैसले की वजह बतायी जा रही है।

हालांकि, समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यादव के समय में भी उत्तर प्रदेश से लगे मध्य प्रदेश के ग्वालियर व आसपास के क्षेत्रों में चुनाव लड़ती आई है और यहां सपा जीतती भी आई है। इस समय भी मध्य प्रदेश विधानसभा में सपा की एक सीट है। लेकिन यह पहला समय है, जब अखिलेश यादव ने पूरे मध्य प्रदेश में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।   

इस समय समाजवादी पार्टी के विधायक देश के चार राज्यों की विधानसभा में है। उत्तर प्रदेश की 111 विधानसभा सीटों के अलावा सपा मध्य प्रदेश की 1 सीट, महराष्ट्र की 2 सीट और गुजरात विधानसभा में 1 सीट पर काबिज है। गुजरात में हाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड लहर के बावजूद भी सपा द्वारा एक सीट जीतने से पार्टी का मनोबल बढ़ा है।










संबंधित समाचार