मैनपुरी में अखिलेश यादव का सरकार पर बड़ा हमला, कहा- BJP-RSS चुनाव आयोग पर चाहता है कंट्रोल

डीएन ब्यूरो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को मैनपुरी में भाजपा सरकार पर कई हमले बोले। डाइनमाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट मे पढ़िये क्या-क्या बोले अखिलेश यादव



मैनपुरी:  मैनपुरी दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर एक के बाद कई हमले बोले। अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस चुनाव आयोग पर अपना नियंत्रण चाहते हैं ताकि वह चुनाव में अपनी मनमर्जी चला सकें।

अखिलेश यादव ने कहा इन्होंने (भाजपा) चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के हजारों लोगों के वोट काटे। जिन लोगों ने 2019 में वोट डाला था लेकिन वे लोग 2022 में वोट नहीं डाल सके। हमने चुनाव आयोग को ऐसे लोगों की लिस्ट भी सौंपी।

 अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार झूठे आंकड़े प्रस्तुत करने का रिकार्ड बना रही है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 131 करोड़ से ज्यादा पौधारोपण का दावा किया जा रहा है, जबकि पौधारोपण के नाम पर अधिकतर जिलों में सिर्फ खानापूर्ति हुई है। बस्ती, मेरठ, मैनपुरी और कन्नौज में जर्जर सड़कों में कई-कई फुट के गहरे गड्ढे हो गए हैं। राजधानी लखनऊ में विभिन्न क्षेत्रों में सड़कें खुदी पड़ी हैं और गड्ढे बिना भरे पड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का सबसे बड़ा झूठ तो बिजली की आपूर्ति को लेकर है। साढ़े छह साल में एक भी बिजली का प्लांट नहीं लगाया गया है। न ही बिजली के प्लाटों की कार्यक्षमता में बढ़ोत्तरी हुई है। फिर भी 24 घंटे बिजली देने का झूठा दावा किया जा रहा है। केन्द्रीय ऊर्जा मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण इलाकों में बिजली की आपूर्ति करने में हिमांचल प्रदेश को छोड़कर देश के अन्य राज्यों से उत्तर प्रदेश पीछे है।

यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताकर भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियां गिना रही है। भाजपा की साजिशों और षडयंत्रों से जनता परिचित है। जनता मन बना चुकी है कि वह भाजपा को सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त देकर संविधान और लोकतंत्र को बचाएगी।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव बड़े नेता रहे हैं। नेताजी को मानने वाले, नेताजी के रास्ते पर चलने वाले खुद ताकतवर हैं, हम समाजवादी लोग खुद सक्षम है। वो जहां चाहेंगे वहां नेताजी का मेमोरियल बना देंगे।










संबंधित समाचार