Madhya Pradesh: भोपाल और इंदौर के पुलिस आयुक्तों सहित 12 आईपीएस अधिकारियों का तबादला

डीएन ब्यूरो

मध्य प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को भोपाल और इंदौर के पुलिस आयुक्तों सहित भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 12 अधिकारियों का तबादला कर दिया।

12 आईपीएस अधिकारियों का तबादला
12 आईपीएस अधिकारियों का तबादला


भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को भोपाल और इंदौर के पुलिस आयुक्तों सहित भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 12 अधिकारियों का तबादला कर दिया।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भोपाल के पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर अब इंदौर के नये पुलिस आयुक्त होंगे, जबकि इंदौर के पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र अब उनकी जगह पर भोपाल के पुलिस आयुक्त होंगे।

भोपाल और इंदौर में पुलिस आयुक्त प्रणाली है।

सूत्रों ने बताया कि स्थानांतरित किए गए अन्य अधिकारियों में योगेश मुदगल को पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) भोपाल में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं बनाया गया है, जबकि जी अखेतो सेमा नए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जेल होंगे।

अनिल कुमार को पुलिस मुख्यालय भोपाल में तबादला कर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एसआईएसएफ) बनाया गया है। उन्हें इसके अलावा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सामुदायिक पुलिसिंग एवं आरटीआई का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि विवेक शर्मा पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक योजना बनाये गये हैं।

पुलिस महानिरीक्षक स्तर के छह अधिकारियों को भी नया जिम्मा सौंपा गया है।

सूत्रों ने बताया कि इनमें दीपिका सूरी को पुलिस मुख्यालय भोपाल में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन), प्रमोद वर्मा को पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन, अभय सिंह को पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) जोन, अनुराग को पीएचक्यू भोपाल में पुलिस महानिरीक्षक (गुप्तवार्ता), इरशाद वली को पुलिस महानिरीक्षक होशंगाबाद जोन और सुशांत कुमार सक्सेना को पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन, बनाकर मुरैना भेजा गया है।










संबंधित समाचार