Site icon Hindi Dynamite News

Road Accident in Uttarkashi: गंगोत्री हाई-वे पर मध्य प्रदेश के तीर्थयात्रियों की बस पलटी, 10 घायल

उत्तरकाशी के गंगोत्री हाई-वे पर शुक्रवार को भयानक सड़क हादसे की खबर है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: Jay Chauhan
Published:
Road Accident in Uttarkashi: गंगोत्री हाई-वे पर मध्य प्रदेश के तीर्थयात्रियों की बस पलटी, 10 घायल

उत्तरकाशी: जनपद के गंगोत्री हाई-वे पर शुक्रवार को भयानक सड़क हादसा हो गया। नालूपानी धरासू के पास मध्यप्रदेश के तीर्थयात्रियों से भरी एक बस सड़क पर पलट गई। जिससे 8 श्रद्धालु घायल हो गए।  घटना की सूचना मिलते ही उत्तरकाशी पुलिस और आपातकालीन सेवा 108 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार  हादसा गंगोत्री हाई-वे पर धराशू नालूपानी के बीच हुआ।

जानकारी के अनुसार बस में 45 यात्री सवार थे। ये सभी गंगोत्री धाम जा रहे थे। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 8 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।

हादसे में पलटी बस (इमेज सोर्स- इंटरनेट)

बताया जा रहा है कि चालक शराब पीकर और मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा था जिसके कारण उसने नियंत्रण खो दिया और बस हादसे का शिकार हो गई।  तीर्थयात्रियों ने आगे की यात्रा रद्द कर दी है।

अधिकारियों के बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जबकि अन्य को सामान्य उपचार के बाद छुट्टी दी जा सकती है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंगोत्री रूट पर यातायात निगरानी बढ़ाने की बात कही है।

गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी वरना भयानक जनहानि हो सकती थी। पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, और जरूरत पड़ने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से सभी घायल यात्रियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गंगोत्री हाईवे पर बढ़ते हादसों को देखते हुए सड़क सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहनों की गति और सड़क की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस घटना ने तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षित यात्रा और नियमों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version