
मृतक पंचायत (बीडीसी) सदस्य
Basti: बस्ती जिले में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्य की हत्या से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह जयरामपुर गांव के पास खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में शव की पहचान सदर ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन जायसवाल के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार मदन जायसवाल बुधवार को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। उनके घर न पहुंचने पर स्वजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर शव के पास एक पल्सर मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतक की पहचान मदन जायसवाल के रूप में की गई। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं थे और प्रथम दृष्टया कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका की पुष्टि हुई है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई रमेश जायसवाल निवासी देवरावं, थाना कोतवाली की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य की नृशंस हत्या से परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
Location : Basti
Published : 5 June 2026, 1:30 PM IST
Topics : Basti crime news murder Panchayat Member UP News