अधिवक्ताओं ने सेवानिवृत्त एडीजीसी विक्रम सिंह कश्यप को किया सम्मानित, दी शुभकामनाएं

मैनपुरी कलेक्ट्रेट में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिवक्ताओं के इस एकजुट प्रयास ने यह संदेश दिया कि सेवा समाप्ति एक अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत भी हो सकती है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 July 2025, 4:48 PM IST

Mainpuri News: मैनपुरी के कलेक्ट्रेट परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अधिवक्ताओं ने एकत्र होकर सेवानिवृत्त एडीजीसी विक्रम सिंह कश्यप को सम्मानित किया। सभी अधिवक्ताओं ने उन्हें फूलमाला पहनाकर और शुभकामनाएं देकर उनके भविष्य के लिए मंगलकामनाएं दीं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में अधिवक्ता साथियों ने विक्रम सिंह कश्यप के सेवा काल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपना कार्यकाल निभाया। वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि विक्रम सिंह कश्यप का कार्यकाल अनुकरणीय रहा है। न उनके खिलाफ कभी कोई शिकायत आई और न ही उन्होंने किसी को शिकायत का मौका दिया। जनता, अधिकारी और अधिवक्ता सभी ने उनके कार्यों की प्रशंसा की है।

सम्मान समारोह में मौजूद रहे तमाम वरिष्ठ अधिवक्ता

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश सिंह चौहान, प्रवक्ता तेज सिंह पाल, रामनिवास, एडवोकेट अमित कुमार सिंह, एडवोकेट योगेंद्र भदौरिया, विष्णु दयाल राजपूत, अंकित कुमार यादव एडवोकेट, सुरेंद्र राजपूत और एडवोकेट राजेश राजपूत सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। चौहान एडवोकेट एसोसिएट की ओर से विशेष रूप से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया था।

सेवा के बाद नई जिम्मेदारी भी सौंपी गई

सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने घोषणा की कि सेवानिवृत्ति के बाद भी विक्रम सिंह कश्यप की सेवाओं की समाज को आवश्यकता है। इसी क्रम में एक नई पहल की शुरुआत करते हुए अधिवक्ताओं ने "विधिक न्याय मंच" नामक संगठन का गठन किया है।

विधिक न्याय मंच का गठन

वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश सिंह चौहान ने बताया कि वर्तमान समय में भ्रष्टाचार चरम पर है, ऐसे में विधिक क्षेत्र से जुड़े जागरूक और ईमानदार व्यक्तियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हम लोगों ने विधिक न्याय मंच का गठन किया है, जिसमें विक्रम सिंह कश्यप को मंच का सचिव मनोनीत किया गया है, जबकि तेज सिंह मास्टर को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Location :  Mainpuri

Published :  1 July 2025, 4:48 PM IST