यमुना में मिला छात्र का शव

डीएन ब्यूरो

मथुरा में बृहस्पतिवार से लापता 12 वर्षीय एक छात्र का शव यमुना में मिला।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर


मथुरा: मथुरा में बृहस्पतिवार से लापता 12 वर्षीय एक छात्र का शव यमुना में मिला। छठी कक्षा का छात्रा विष्णु बघेल बृहस्पतिवार को स्कूल के लिए घर से निकला था लेकिन जब वह घर नहीं लौटा। पुलिस को 24 घंटे बाद उसका शव यमुना में मिला।

यह भी पढ़ें: ट्रक को बाहर निकालने के चक्कर में पलटी क्रेन, एक की मौत

वृन्दावन प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि मारुति नगर निवासी श्यामसुंदर का पुत्र विष्णु बघेल कक्षा छह में पढ़ता था। वह बृहस्पतिवार को जब स्कूल जा रहा था, तभी उसे रास्ते में कक्षा आठ का छात्र शिवम मिल गया। दोनों स्कूल जाने के बजाए यमुना में नहाने चले गए। उन्होंने कहा, ‘‘यमुना में नहाते समय विष्णु गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगा। शिवम और वहां नहा रहे एक साधु ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके। इस घटना के बाद शिवम घर चला आया। उसने किसी को भी इस घटना की जानकारी नहीं दी।" 

उन्होंने बताया कि विष्णु के स्कूल और घर नहीं पहुंचने पर उसके परिवार वालों ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। दुबे ने बताया कि शिवम ने अगले दिन शुक्रवार को इस घटना की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को दी, जिसने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दिन भर की खोज के बाद विष्णु का शव बरामद किया।

यह भी पढ़ें: रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़ा गया उत्तर प्रदेश का अधिकारी

पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करने के बाद शव विष्णु के परिवार को सौंप दिया। (भाषा)










संबंधित समाचार