हिमाचल में बारिश का कहर: फंसे पर्यटकों का पता लगाने के लिए दुर्गम इलाकों में जा रही पुलिस

हिमाचल प्रदेश में 60 हजार पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस अन्य लोगों का पता लगाने के लिए दुर्गम इलाकों में पहुंच बनाकर तलाशी अभियान चला रही है।

Updated : 14 July 2023, 5:36 PM IST
google-preferred

शिमला: हिमाचल प्रदेश में 60 हजार पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस अन्य लोगों का पता लगाने के लिए दुर्गम इलाकों में पहुंच बनाकर तलाशी अभियान चला रही है।

भारी बारिश के कारण राज्य के कई हिस्से बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हैं। सड़कें बाधित हैं और संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है।

कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘बचाव अभियान जारी है और पुलिस टीम फंसे लोगों की तलाश के लिए उन दुर्गम इलाकों में जा रही है, जहां बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़कें अवरुद्ध हैं।’’

उन्होंने बताया कि कसौल और मणिकरण में फंसे लोगों ने अपने वाहनों के बगैर जाने से मना कर दिया है और स्थिति सामान्य होने तक कुछ समय और रुकने का फैसला लिया है।

पर्यटकों का कहना है कि वे अपने वाहन के साथ ही जाएंगे इसीलिए सड़कें खुलने का इंतजार कर रहे हैं। कुछ लोगों ने कहा कि जब हालात बेहतर हो जाएंगे और जाम कम हो जाएगा तब वापसी के लिए यात्रा करेंगे।

कसौल-भुंतर मार्ग पर डुंखरा के पास भूस्खलन के कारण वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में पर्यटकों को दूसरे तरफ जाने के लिए पैदल यात्रा करनी पड़ रही है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बृहस्पतिवार को कहा था कि पुलिस पर्यटकों को एक रसीद प्रदान करेगी। जब सड़कें खुल जाएंगी तब पर्यटक अपने वाहन ले जा सकते हैं।

पर्यटकों के परिजन अपनों की खैरियत जानने के लिए पुलिस से संपर्क कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस परिजनों से पर्यटकों के होटल, वाहन नंबर, फोटो, फोन नंबर और अंतिम ज्ञात ठिकाने के बारे में जानकारी जुटा रही है।

राज्य सरकार के अनुसार, 60 हजार से पर्यटकों को निकाला जा चुका है और इस समय राज्य में 790 सड़कें अवरुद्ध हैं। वहीं, राज्य आपदा परिचालन केंद्र के मुताबिक, बिजली के 1468 ट्रांसफार्मर और 963 जल परियोजनाएं प्रभावित हैं।

राज्य में मानसून की शुरुआत 24 से हुई थी। तब से लेकर 13 जुलाई तक बारिश से संबंधित घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 91 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, कुल्लू और मंडी जिले में अचानक आई बाढ़ में मारे गए लोगों के शव भी बरामद किए जा रहे हैं।

राज्य सरकार को स्थानीय मौसम विभाग के कार्यालय से 18 जुलाई तक कुछ स्थानों पर अत्याधिक बारिश का ‘यलो अलर्ट’ मिला है।

राज्य के कई इलाकों में लगातार हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। कांगडा में 64 मिलीमीटर, पालमपुर में 33, बर्थिन में 28.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

 

Published : 
  • 14 July 2023, 5:36 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement