लखनऊ: महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ के मामले ने खोली पुलिस के दावों की पोल

डीएन संवाददाता

महिलाओं पर होने वाले हर तरह के अपराध के खिलाफ सख्ती से निपटने का दावा करने वाली पुलिस की पोल फिर एक बार खुल गयी है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर की महिला शूटर से छेड़खानी के मामले में पुलिस अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर सकी। पूरी खबर..



लखनऊ: अंतर्राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी से हुई छेड़छाड़ के मामले में अब तक पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किये जाने पर इस बात का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर यूपी पुलिस कितनी संवेदनशील है। 

गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की महिला शूटर वृतिका सिंह ने बताया कि उसके साथ बीते 29 अप्रैल को PGI के एक रेजिडेंट डॉक्टर ने छेड़खानी की थी। इस दौरान पीड़िता द्वारा विरोध करने पर डॉक्टर ने उसके साथ मारपीट की भी कोशिश की। इस घटना के बाद पीड़िता ने 100 नंबर डायल कर पुलिस से मदद हासिल करने की भी कोशिश की थी, मगर पुलिस से संपर्क नहीं हो पाया था।  

पीड़िता ने PGI थाना पुलिस पर इस मामले को दबाने का आरोप लगाया है जबकि थाने में आरोपी डॉक्टर कबूल कर चुका है कि वो घटना के समय हुआ शराब के नशे में था। इस मामले को लेकर पीड़िता ने SSP से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई थी, जिसके बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया।  

इसके बाद भी कार्रवाई न होते देख गुरुवार को पीड़िता ने CM के जनता दरबार में भी गई, जहां CM ने मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मगर घटना के 5 दिन बीतने के बाद भी पुलिस मामले में बेपरवाह बनी हुई है। पीड़िता का कहना है कि पुलिस के रवैये से यह उजागर हो गया है कि महिला अपराधों को लेकर पुलिस कितनी बेपरवाह है।










संबंधित समाचार