इस राज्य के मुसलमान अब तक के ‘सबसे शांतिपूर्ण माहौल’ में, जानिये किसने किया ये दावा

डीएन ब्यूरो

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने और सत्ता में होने पर उनके लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को दावा किया कि मुसलमान राज्य में इस समय अब तक के ‘‘सबसे शांतिपूर्ण माहौल’’ में रह रहे हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा


गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने और सत्ता में होने पर उनके लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाते हुए  दावा किया कि मुसलमान राज्य में इस समय अब तक के ‘‘सबसे शांतिपूर्ण माहौल’’ में रह रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार वन क्षेत्रों से निष्कासन अभियान चलाने के अलावा बाल विवाह और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी तथा पुलिस को आत्मरक्षा में गोलीबारी करने से नहीं रोका जाएगा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने राज्य विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा के दौरान उत्तर देते हुए यह बात कही।

राज्य में विशेष रूप से वन और संरक्षित क्षेत्रों से लोगों को निकाले जाने के अभियान का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि ये अभियान अदालती आदेशों और कांग्रेस शासन के दौरान बनाए गए कानूनों के अनुसार चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने कानून बनाते समय जिस तरह आदिवासियों को वन भूमि से निकाले जाने से छूट दी थी, उसे उसी तरह अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों या कटाव आदि से प्रभावित लोगों को भी इस छूट में शामिल करना चाहिए था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (कांग्रेस को) अब अल्पसंख्यकों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने बंद कर देने चाहिए।’’

शर्मा ने दावा किया कि मुसलमान राज्य में अब तक के ‘‘सबसे शांतिपूर्ण माहौल’’ में रह रहे हैं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से सड़कों, शैक्षणिक संस्थानों और मकान के निर्माण जैसी विकास गतिविधियां जोरों से चल रही हैं।

उन्होंने अतिक्रमण को जनसंख्या में बढ़ोतरी से जोड़ते हुए कहा, ‘‘निष्कासन वास्तविक समस्या नहीं है। जनसंख्या बढ़ोतरी वास्तविक समस्या है और यदि हम इसे काबू नहीं कर सकते तो भूमि पर दबाव बढ़ना जारी रहेगा।’’










संबंधित समाचार