Lucknow: कोरोना काल में लूट रहे एंबुलेंस चालकों की मनमानी पर ब्रेक, दरें हुईं निर्धारित

डीएन ब्यूरो

कोरोना संकट में देश भर से एंबुलेंस चालकों की मनमानी की शिकायतें जारी है। मजबूरी में फंसे लोगों से मनमाना किराया वसूलने के बाद लखनऊ प्रशासन ने एंबुलेंस संचालकों के लिये किराया दरें निर्धारित कर दी हैं। पढिये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

एंबुलेंस संचालकों पर शिकंजा (फाइल फोटो)
एंबुलेंस संचालकों पर शिकंजा (फाइल फोटो)


लखनऊ: देश भर के एंबुलेंस चालकों से कोरोना काल में लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने और मनमाना पैसा वसूलने की शिकायतें लगातार मिल रही है। यूपी की राजधानी लखनऊ में भी एंबुलेंस चालकों की शिकायतें लगातार मिल रही थी। जिसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए एंबुलेंस चालकों की मनमानी पर ब्रेक लगा दिये हैं औऱ एंबुलेंस की दरें निर्धारित कर दीं गई हैं।

राजधानी लखनऊ में एंबुलेंस चालक मरीजों और उनके परिजनों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए से एक-दो किलोमीटर तक के लिए भी पांच से छह हजार रुपये तक वसूल रहे थे। प्रशासन ने अब उनकी इस मनमानी पर शिकंजा लगाते हुए शुक्रवार को एंबुलेंस की दरें निर्धारित कर दीं। अब किसी भी एंबुलेंस संचालक ने निर्धारित दरों से अधिक शुल्क लिया तो लखनऊ पुलिस को उसके खिलाफ कार्रवाई का अधिकार होगा। 

प्रशासन के आदेश के बाद आक्सीजन रहित साधारण एंबुलेंस के लिए अब प्रति 10 किलोमीटर केवल एक हजार रुपये ही देना पड़ेगा। इसके बाद प्रत्येक एक किलोमीटर पर 100 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी तरह आक्सीजन युक्त और वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस की दरें निर्धारित की गईं हैं। 

एंबुलेंस चालकों द्वारा किसी भी तरह की मनमानी के लिये जनता 112 और ट्रैफिक हेल्प पुलिस लाइन 9454405155 पर शिकायत कर सकते हैं।  पुलिस उपायुक्त यातायात ख्याति गर्ग और संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विदिशा सिंह  को नोडल इसके लिये अधिकारी बनाया गया है, जो दरों का पालन सुनिश्चित कराएंगी। 










संबंधित समाचार