VIDEO केरल के इडुक्की में बड़ा भूस्खलन, 12 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा मजदूर मलबे में फंसे, रेसक्यू कार्य जोरों पर

डीएन ब्यूरो

केरल के इडुक्की में तीन दिन से लगातार भारी बारिश के बाद भूस्खलन ने बड़ी तबाही मचाई। यहां मलबे में कई लोग दब गये। अभी तक 12 शवों को निकाला जा चुका है जबकि 60 से अधिक लोग लापता है। पूरी खबर..



तिरुवनंतपुरम: तीन दिन से जारी बारिश के बाद केरल के इडुक्की जिले के मुन्नार में बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस हादसे में कई लोग मलवे में फंस गये हैं। अब तक 12 लोगों के शवों को निकाला जा चुका है जबकि कई लोग लापता हैं। लगभग एक दर्जन लोगों को अब तक सुरक्षित बचा लिया गया है। राजमलाई में नेम्मक्कड़ एस्टेट के पेटीमुडी डिवीजन में 20 परिवारों के घर पर एक बड़ी पहाड़ी गिर गई। इस हादसे में घायलों और मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

मलवे में फंसे या लापता लोगों में अधिकतर चाय बागान के कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य है। जाक्कड़ के चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों की बस्ती भूस्खलन की चपेट में आ गई है। जिस कारण चाय बागान से जुड़े अधिकतर लोग भूसखलन की चपेट में आ गये। इस हादसे में अधिकतर लोग टाटा ग्लोबल बेवरेजेज (टीजीबी) की सहयोगी कंपनी कन्नन देवान हिल्स प्लांटेशन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (केडीएचपी) के चाय बागान कर्मचारी बताये जाते हैं। 

भारी बारिश के बाद लापता लोगों को ढूंढने के लिए कई टीमें रेसक्यू कार्य में लगी हुई है। एनडीआरएफ समेत राज्य सरकार के बचाव दल दुर्घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे है। फंसे हुए लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण रेस्क्यू टीम को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचने में दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन द्वारा राहत कार्यों के लिये जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है। भूस्खलन की चपेट में आये लोगों की संख्या का अभी तक स्पष्ट पता नहीं तल पाया है। मलवे में फंसे लोगों की संख्या 60 से अधिक हो सकती है।
 










संबंधित समाचार