Japan: जापान में राजनीतिक चंदा घोटाले में हुई पहली गिरफ्तारी

जापान के एक बड़े राजनीतिक चंदा घोटाले के सिलसिले में अभियोजकों ने रविवार को पहली गिरफ्तारी की है। इस घोटाले ने प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की सरकार को हिलाकर रख दिया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 7 January 2024, 4:16 PM IST
google-preferred

तोक्यो: जापान के एक बड़े राजनीतिक चंदा घोटाले के सिलसिले में अभियोजकों ने रविवार को पहली गिरफ्तारी की है। इस घोटाले ने प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की सरकार को हिलाकर रख दिया है।

अधिकारियों और स्थानीय मीडिया खबरों के अनुसार, ‘तोक्यो डिस्ट्रिक पब्लिक प्रोसिक्यूटर ऑफिस’ ने पूर्व उप-शिक्षा मंत्री योशिताका इकेदा को सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर अपने गुट से चंदे के रूप में जुटाई गई धनराशि में घपला करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इकेदा का गुट किशिदा की सत्तारूढ़ पार्टी में सबसे बड़ा और प्रभावशाली माना जाता है। पहले इस गुट का नेतृत्व दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे करते थे। इस गुट पर चंदे के रूप में जुटाई गई धनराशि में घपला कर 60 करोड़ येन (4.15 मिलियन अमेरिकी डॉलर) से अधिक का लेखाजोखा साझा नहीं करने का आरोप है।

मीडिया की खबरों में बताया गया कि पूर्व उपमंत्री पर चार करोड़ येन (लगभग 276,500 अमेरिकी डॉलर) से अधिक की जानकारी नहीं देने का आरोप है। उन्हें यह राशि राजनीतिक कार्यक्रम की टिकट बिक्री से जुटाई गई राशि में से रिश्वत के तौर पर रकम प्राप्त हुई थी, जो राजनीतिक निधि नियंत्रण कानून का उल्लंघन है।

प्रधानमंत्री किशिदा ने रविवार को कहा कि इकेदा की गिरफ्तारी ‘‘बेहद अफसोसजनक’’ है और पार्टी ने उन्हें निष्कासित करने का फैसला किया है।

प्रधानमंत्री ने दोहराया कि उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया है और वह चंदा जुटाने के नियमों को सख्त बनाने के लिए इस सप्ताह के अंत में एक विशेषज्ञ समिति गठित करने की योजना पर काम कर रहे हैं।

किशिदा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें इसके कारण पार्टी को हुए नुकसान को समझना चाहिए और जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।’’

Published : 
  • 7 January 2024, 4:16 PM IST

Related News

No related posts found.