दिल्ली के मायापुरी में हेड कांस्टेबल पर धारदार हथियार से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में पुलिस की गश्त के दौरान एक हेड कांस्टेबल पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किया गया।

गिरफ्तार (फाइल)
गिरफ्तार (फाइल)


नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में पुलिस की गश्त के दौरान एक हेड कांस्टेबल पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किया गया।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि हेड कांस्टेबल के हाथ में चोटें आयी हैं और घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को हेड कांस्टेबल विक्रांत और कांस्टेबल हरीश रेवाड़ी लाइन की झुग्गी बस्ती में गश्त दे रहे थे। उन्होंने बताया कि दो लोगों के पास हथियार होने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने विशाल की तलाशी ली जिसने विक्रांत पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। उसके भाई कृष्ण ने भी हेड कांस्टेबल पर हमला किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल हरीश और हेड कांस्टेबल विक्रांत ने मिलकर दोनों आरोपी को काबू में कर लिया। कृष्ण के पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता और शस्त्र कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि विशाल का ‘‘चाल-चलन खराब’’ है जबकि कृष्ण पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि किसी व्यक्ति का ‘‘चाल-चलन खराब’’ होना तब कहा जाता है जब वह तीन या उससे अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त होता है।

 










संबंधित समाचार