यूपी की बड़ी सियासी खबर: डिंपल यादव लड़ेंगी मैनपुरी से लोकसभा का चुनाव, सपा ने घोषित किया उम्मीदवार

डीएन संवाददाता

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार होंगी। पढ़िए पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

मैनपुरी से डिंपल यादव सपा उम्मीदवार (फाइल फोटो)
मैनपुरी से डिंपल यादव सपा उम्मीदवार (फाइल फोटो)


लखनऊ: उत्तर प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद से खाली हुई मैनपुरी की लोकसभा सीट से डिंपल यादव सपा की उम्मीदवार होंगी।  

 

समाजवादी पार्टी ने इस बात की घोषणा गुरुवार को पार्टी के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर की। पार्टी ने डिंपल यादव के नाम की घोषणा करते ट्वीटर पर लिखा 'समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी उपचुनाव - 2022 हेतु श्रीमती डिंपल यादव पूर्व सांसद को प्रत्याशी घोषित किया गया है।'

मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव का मतदान पांच दिसंबर को होगा और मतगणना 8 दिसंबर को होगी।

डिंपल यादव कन्नौज से 2012 और 2014 में लोकसभा का चुनाव जीत चुकी हैं। 

मैनपुरी लोकसभा सीट मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त घोषित की गई है। यह सीट 1996 से सपा के पास है। पांच बार मुलायम सिंह यादव और दो बार बलराम सिंह यादव यहां से चुनाव जीत चुके हैं। 

कल ही मैनपुरी में आलोक शाक्य को समाजवादी पार्टी ने अपना जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।

लोकसभा उपचुनाव के लिए आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। 10 नवंबर से ये नामांकन प्रक्रिया 17 नवंबर तक चलेगी। 










संबंधित समाचार