84 साल पुराना 'रीगल' सिनेमाघर का पर्दा आज हमेशा के लिए गिर जाएगा

डीएन ब्यूरो

कभी राजधानी की शानो शौकत में चार चांद लगाने वाला रीगल सिनेमा गुरुवार के बाद इतिहास बन जाएगा। 1932 में बना राजधानी का पहला प्राइम सिंगल स्क्रीन थिएटर रीगल अब सिनेमा लवर्स से हमेशा के लिए विदाई ले लेगा।

रीगल सिनेमाघर
रीगल सिनेमाघर


नई दिल्ली: दिल्ली के दिल में बसा 84 साल पुराना रीगल सिनेमाघर 31 मार्च को बंद होने जा रहा है। 1932 में खुला सबसे पुराना सिनेमाघर 'रीगल' दिल्ली का सबसे पहला सिनेमाघर है। गुरुवार को रीगल में आखिरी दो शो राज कपूर के नाम रहेंगे। शाम छह बजे ‘मेरा नाम जोकर’ और रात नौ बजे ‘संगम’ को प्रदर्शित किया जायेगा। सुबह के शोज़ में अनुष्का शर्मा की 'फिल्लौरी' चलती रहेगी जो की रीगल में हफ्ते भर तक प्रदर्शित होने वाली आखिरी फिल्म रहेगी।

रीगल सिनेमा दिल्ली के सिने प्रेमियों के साथ-साथ बॉलीवुड सितारों का भी चहेता हॉल हुआ करता था। बॉम्बे से आने वाले ज़्यादातर सितारे दिल्ली के रीगल में ज़रूर हाज़िरी लगाया करते थे। खासकर आर.के बैनर के फिल्मों का इससे खास लगाव रहा। खुद राज कपूर भी अपनी फिल्मों का प्रीमियर रीगल सिनेमा हॉल में ही करते थे। रीगल सिनेमा पर आर.के. बैनर तले बनी लगभग सभी फिल्में रिलीज हुई और कई फिल्मों ने यहां सिल्वर जुबली का जश्न भी मनाया।

694 सीटों से सजा रीगल केवल इसलिए ऐतिहासिक नहीं है कि वह इतने लंबे समय तक देश का बड़ा सिंगलस्क्रीन सिनेमा हॉल बना रहा. रीगल की ख़ास बात यह भी है की 80 और 90 के दशक में जब रीगल की प्रतिष्ठा गिरने लगी थी, तब भी यह चलता रहा और कनॉट प्लेस की जान बना रहा।

गुरुवार को जब रीगल हमेशा हमेशा के लिए बंद हो रहा है तो राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर ने ट्विटर पर अपनी भावनाएं व्यक्त की। ऋषि कपूर ने ट्वीट में रीगल की पिक्चर शेयर करते हुए लिखा कि दिल्ली का एडियस रीगल थिएटर बंद हो रहा है। एक ऐसी जगह, जहां कपूर परिवार के सभी नाटक एवं सिनेमा प्रदर्शित किए गए। ‘बॉबी’ का प्रीमियर भी यहीं हुआ था…धन्यवाद।
 










संबंधित समाचार