बीते पांच सालों में 140 निजी विश्वविद्यालय खोले गए,सबसे ज्यादा गुजरात में खोले गये: शिक्षा मंत्रालय

डीएन ब्यूरो

देश में पिछले पांच सालों में कुल 140 निजी विश्वविद्यालय खोले गए हैं। सबसे ज्यादा निजी विश्वविद्यालय गुजरात में खोल गए तथा उसके बाद इस संबंध में महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश का स्थान आता है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

140 निजी विश्वविद्यालय खोले गए
140 निजी विश्वविद्यालय खोले गए


नयी दिल्ली: देश में पिछले पांच सालों में कुल 140 निजी विश्वविद्यालय खोले गए हैं। सबसे ज्यादा निजी विश्वविद्यालय गुजरात में खोल गए तथा उसके बाद इस संबंध में महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश का स्थान आता है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों के दौरान गुजरात में 28 निजी विश्वविद्यालय स्थापित किए गए जबकि महाराष्ट्र में 15 विश्वविद्यालय खोले गए ।

इस अवधि के दौरान मध्य प्रदेश और कर्नाटक में क्रमशः 14 और 10 निजी विश्वविद्यालयों को स्थापित किया गया।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “ निजी विश्वविद्यालय की स्थापना संबंधित राज्य विधानमंडल द्वारा पारित अधिनियम और संबंधित राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना से की जाती है।”

उन्होंने कहा, “ विश्वविद्यालय से (संबंधित राज्य के) उस अधिनियम और अधिसूचना की प्रतियां मिलने पर, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) अधिनियम 1956 की धारा 2 (एफ) के अनुसार, यूजीसी विश्वविद्यालयों की सूची में निजी विश्वविद्यालय का नाम शामिल करता है।”

अधिकारी ने कहा कि ऐसे निजी विश्वविद्यालयों को यूजीसी की विशिष्ट मंजूरी के बिना सामान्य डिग्री पाठ्यक्रम संचालित करने का अधिकार है।

उन्होंने कहा, “ लेकिन व्यावसायिक और चिकित्सा पाठ्यक्रम संचालित करने की मंजूरी संबंधित नियामक या वैधानिक निकायों की ओर से दी जाती है। ऐसे पाठ्यक्रम अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग और भारतीय दंत चिकित्सा परिषद जैसे संबंधित निकायों के नियमों के तहत आते हैं।”

पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ में सात निजी विश्वविद्यालय स्थापित किए गए, जबकि झारखंड और राजस्थान में इस अवधि के दौरान छह-छह निजी विश्वविद्यालय खोल गए हैं।

बिहार, ओडिशा, उत्तराखंड और तेलंगाना में पांच-पांच निजी विश्वविद्यालय स्थापित किए गए, जबकि आंध्र प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, ओडिशा, तमिलनाडु, सिक्किम और उत्तर प्रदेश में चार-चार निजी विश्वविद्यालय खोले गए।

अधिकारी ने कहा, 'यूजीसी नियमित रूप से संस्थानों और विश्वविद्यालयों से संवाद करता है और सुनिश्चित करता है कि वे नियमों का पालन करें। यूजीसी ने सूचित किया है कि इन संस्थानों के खिलाफ अब तक उसे किसी नियम के बड़े पैमाने पर उल्लंघन की जानकारी नहीं मिली है।'

पिछले पांच वर्षों के दौरान शैक्षणिक सत्र 2018-19 में सबसे अधिक 40 निजी विश्वविद्यालय स्थापित किए गए, जबकि 2021-22 शैक्षणिक सत्र के दौरान 34 निजी विश्वविद्यालय खोल गए।

 










संबंधित समाचार