दिल्ली में मंडराया बाढ़ का खतरा, कई जगहों पर लाल निशान से ऊपर बह रही यमुना, निचले इलाकों में अलर्ट जारी

डीएन ब्यूरो

पहाड़ी इलाकों समेत मैदानी भागों में पिछले दिनों से हो रही लगातार बारिश के यमुना नदी दिल्ली में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडराता जा रहा है। पढिये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी
यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी


नई दिल्ली: पिछले कुछ दोनों से हो रही लगातार बारिश के साथ ही हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी एक बार फिर उफान पर है। यमुना के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के कारण यमुना कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे बाढ के खतरे से इंकार नहीं किया जा सकता है। निचले इलाकों के लिये अलर्ट जारी वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है।

बारिश के बाद और हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के चलते दिल्ली में शुक्रवार को यमुना नदी का जल स्तर 205.33 मीटर के ऊपर चला गया है। बता दें कि 205.33 मीटर दिल्ली में खतरे का निशान है, इसके ऊपर नदी बहे तो शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है। आईटीओ पर यमुना का बहाव काफी ज्यादा तेज है। यहां यमुना का जल स्तर खतरे के निशान से काफी उपर पहुंच गया है। अगले कुछ घंटे जल स्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो डीएनडी के आस-पास नोएडा के निचले इलाके और ओखला का कुछ इलाका जलमग्न हो सकता है। 

यमुना का जलस्तर बढ़ने की वजह से गुरुवार को ही दिल्ली लोहे के पुल को बंद कर दिया गया था। खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना का पानी अब खेतों की ओर बढ़ रहा है। अधिकारियों द्वारा चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी की जा रही है। विभाग के मुताबिक, ऊपरी डूब वाले इलाकों में बारिश के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ गया है।

हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथनीकुंड बैराज से नदी में और पानी छोड़ा जा रहा है। पिछले 24 घंटों में पानी की दर 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गई है जो इस साल सबसे अधिक है। हरियाणा से गुरुवार को सुबह दस बजे तक 85,879 क्यूसेक की दर से यमुना में पानी छोड़ा जा रहा था। ऐसे में अगले 24 घंटो में जल स्तर बढ़ सकता है।










संबंधित समाचार