उन्नाव: 9 साल की लड़की संग रेप, पुलिस के सीमा विवाद के कारण खून से लथपथ मासूम संग रोती रही मां

डीएन ब्यूरो

चर्चित उन्नाव गैंगरेप और पीड़ित महिला के पिता की पुलिस कस्टडी में मौत का मामला पूरी तरह से सुलझा भी नहीं था कि जिले में रेप की एक और घिनौनी वारदात सामने आयी है। इस बार दरिंदगी की शिकार एक 9 साल की मासूम लड़की बनी है लेकिन इस मामले में पुलिस की भारी चूक भी सामने आयी है। पूरी खबर..

मासूम से रेप की जांच में जुटी पुलिस, लोगों में आक्रोश
मासूम से रेप की जांच में जुटी पुलिस, लोगों में आक्रोश


उन्नाव: जिले में बलात्कार की एक घिनौनी वारदात फिर सामने आयी है। मां के साथ गंगा स्नान करने गयी एक 9 साल की मासूम के साथ 25 साल के दरिंदे ने रेप की वारदात को अंजाम दिया। हलांकि पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच में जुट गयी है। लेकिन इस घटना में पुलिस की बड़ी चूक भी सामने आयी है। पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही और पीड़ित लड़की की मां रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये खून से लथपथ लड़की के साथ घंटों इंतजार करती रही। इस घटना से पूरे क्षेत्र में लोगों में काफी आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक गुरूवार को पीड़ित नाबालिग लड़की अपनी मां के साथ नदी तट पर गयी थी, जो वहां से अचानक गायब हो गयी। लड़की को वहां काफी तलाश किया गया लेकिन वह नहीं मिली। कुछ देर बाद लड़की को झाड़ियों में पाया गया। वह खून से लथपथ थी और रो रही थी। लड़की को इलाज के लिये तत्काल अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में लड़की के साथ रेप की पुष्टी हुई।

इस घटना में पुलिस की घोर लापरवाही भी सामने आयी है। पुलिस ने पीड़ित की मां को घंटों थाने में बैठाया रखा और सीमा विवाद के चलते तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। महिला खून से लथपथ अपनी बच्ची को औरास थाने लेकर पहुंची थी, जहां पुलिस ने दूसरे थाने का मामला बताकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। घंटों बाद महिला की रिपोर्ट सफीपुर कोतवाली में दर्ज की गयी। पुलिस की इस हीलाहवाली के कारण बच्ची को तत्काल इलाज भी मुहैय्या नहीं हो सका।  

इस घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। लड़की से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

सर्किल ऑफिसर एसके सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
 










संबंधित समाचार