झारखंड में 23 मार्च को 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

डीएन ब्यूरो

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बृहस्पतिवार को झारखंड में 13,296 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (फ़ाइल)
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (फ़ाइल)


रांची: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बृहस्पतिवार को झारखंड में 13,296 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इन परियोजनाओं में दिल्ली-कोलकाता और मुंबई-कोलकाता कॉरिडोर और भारतमाला पैकेज शामिल हैं, जिसके तहत रिंग रोड और बाईपास विकसित किए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि इनमें से 21 परियोजनाएं राज्य की राजधानी रांची से संबंधित हैं। इसमें रांची संबंधी परियोजना पर 9,453 करोड़ रूपये का अनुमानित निवेश होना है जबकि नौ परियोजनाएं जमशेदपुर से संबंधित हैं जिस पर 3,378 करोड़ रूपये की लागत आने का अनुमान है।

गडकरी एनएच-33 पर जमशेदपुर और महुलता के बीच 465 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 44 किलोमीटर लंबी सड़क राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के मुख्य महाप्रबंधक एस. के. मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “यह खंड जमशेदपुर के माध्यम से दिल्ली-कोलकाता और मुंबई-कोलकाता के बीच संपर्क प्रदान करेगा, जिससे यात्रा के समय में काफी कमी आएगी।”

उन्होंने कहा कि यह परियोजना झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में वाणिज्यिक विकास को भी बढ़ावा देगी।

पर्यटन को बढ़ावा देने और तेज यात्रा की सुविधा वाली परियोजनाओं के अलावा गडकरी द्वारा राज्य की अपनी यात्रा के दौरान अन्य कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री का यहां गोपाल मैदान में भाजपा की रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम होगा।










संबंधित समाचार