Crime In Delhi: व्यक्ति के अपहरण और उससे मारपीट के मामले में तीन लोग गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

दिल्ली में एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे पीटने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

अपहरण और उससे मारपीट के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
अपहरण और उससे मारपीट के मामले में तीन लोग गिरफ्तार


नयी दिल्ली: दिल्ली में एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे पीटने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने  यह जानकारी दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार आरोपियों में से एक की बहन के साथ कथित संबंध के चलते इन तीन लोगों ने पीड़ित का अपहरण कर उसकी पिटाई की।

उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों के पास से तीन कारतूस के अलावा एक पिस्तौल और एक बंदूक बरामद की गई है और आरोपियों की पहचान अरुण (24), कमल (34) एवं अनुराग (23) के रूप में की गई है।

पीड़ित नवीन वसंत विहार का रहने वाला है। उसने बृहस्पतिवार को इस संबंध में शिकायत की।

शिकायत के अनुसार, नवीन अपने एक मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को मसूदपुर सामुदायिक केंद्र के निकट एक ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रहा था, तभी पांच-छह लोग मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और लाठियों से उसकी कथित रूप से पिटाई की।

फिर वे नवीन को रात करीब डेढ़ बजे वसंत विहार के भंवर सिंह कैंप ले गए, जहां उन्होंने उसे फिर पीटा और मुनिरका में बस अड्डे पर फेंक दिया।

नवीन ने स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिस को फोन किया और उसे पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) मनोज सी ने बताया कि आरोपियों को स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से पकड़ा गया।

कुसुमपुर पहाड़ी निवासी कमल ने खुलासा किया कि उसे पहले भी हथियार कानून, हत्या के प्रयास और डकैती के कई मामलों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। वह पहले किशोर गिरोह का सक्रिय सदस्य था।

मनोज ने बताया कि आरोपी को उसके एक सहयोगी ने बताया था कि नवीन के उसकी बहन के साथ संबंध हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी ने नवीन को सबक सिखाने की योजना बनाई और उस पर हमला किया।

पुलिस ने कहा कि शेष आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।










संबंधित समाचार