राष्‍ट्रपति कोविंद ने गौतम गंभीर, मनोज वाजपेई समेत कई हस्तियों को पद्म पुरस्‍कार से किया सम्‍मानित

डीएन ब्यूरो

इस साल कुल 112 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया था, जिनके नाम का ऐलान गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर किया गया था।

गौतम गंभीर, मनोज वाजपेई  को पद्म पुरस्‍कार से किया सम्‍मानित
गौतम गंभीर, मनोज वाजपेई को पद्म पुरस्‍कार से किया सम्‍मानित


नई दिल्‍ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। इस साल 112 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया था। 11 मार्च को राष्ट्रपति ने एक पद्म विभूषण, आठ पद्म और 46 पद्मश्री पुरस्कार दिए थे।

गौतम गंभीर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को पद्म श्री से सम्मानित किया। गौतम गंभीर के माता-पिता सीमा गंभीर और दीपक गंभी और पत्नी नताशा भी वहां मौजूद थीं। गंभीर ने पिछले साल ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था।

डी प्रकाश राव
डी प्रकाश राव ओडिशा के कटक के रहने वाले हैं। उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। वह पिछले कई सालों से चाय बेच रहे हैं। चाय से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा समाज के लिए खर्च करते हैं।

प्रशांति सिंह
बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रशांति सिंह को भी पद्म श्री से नवाजा गया है। 

स्वपन चौधरी 
कला-संगीत-तबला के क्षेत्र के लिए स्वपन चौधरी को पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किया गया।

बछेंद्री पाल
पर्वतारोही बछेंद्री पाल को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वह माउंट एवरेस्ट पर फतेह करने वाली भारत की पहली और माउंट एवरेस्ट को छूने वाली दुनिया की 5वीं महिला पर्वातारोही हैं।

तीजन बाई 
छत्तीसगढ़ की मशहूर लोक गायिका डॉ. तीजन बाई को पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ की प्राचीन पंडवानी कला को बढ़ाने में तीजन बाई का विशेष स्थान है। 

धर्मपाल गुलाटी
एमडीएच मसाले के मालिक महाशय धर्मपाल गुलाटी को भी पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्‍हें व्यापार और उद्योग- खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा पद्म पुरस्कारों से सम्मानित हस्तियों में अभिनेता मोहनलाल (पद्म भूषण), पूर्व विदेश सचिव एस. जयशंकर (पद्म श्री), अकाली दल के नेता सुखदेव ढींढसा (पद्म भूषण), जाने-माने वकील एच. एस. फुल्का (पद्म श्री) शामिल हैं। पत्रकार कुलदीप नैयर (मरणोपरांत) को भी पद्म भूषण पुरस्कार दिया गया है। इसके अलावा बिहार के नेता हुकुमदेव नारायण यादव (पद्म भूषण), बहुराष्ट्रीय तकनीकी कंपनी सिस्को सिस्टम के पूर्व सीईओ जॉन चैम्बर्स (पद्म भूषण) और डांसर तथा फिल्म निर्देशक प्रभु देवा (पद्म श्री) को सम्मानित किया गया है।










संबंधित समाचार