Himachal Pradesh: तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों में भिड़ंत, रात को पथराव, कई लोग चोटिल, जानिये पूरा मामला

डीएन ब्यूरो

हिमाचल प्रदेश के मणिकर्ण में एक मेले के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच एक झड़प में चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

पथराव से क्षतिग्रस्त गाड़ी
पथराव से क्षतिग्रस्त गाड़ी


शिमला: हिमाचल प्रदेश के मणिकर्ण में एक मेले के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच एक झड़प में चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

दोनों पक्षों की ओर से की गई कुछ टिप्पणियों के बाद रविवार रात यह झड़प हुई। इसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने पयर्टकों के कुछ वाहनों को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाया, जिसके जवाब में पर्यटकों ने पथराव किया।

घटना का 21 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया प्रसारित हो गया, जिसमें कथित तौर पर पंजाब के तीर्थयात्रियों को गुरुद्वारा मणिकर्ण साहिब के पास स्थानीय निवासियों के घरों पर पथराव करते हुए देखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह युवकों के बीच की झड़प थी और इसे धार्मिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को सुरक्षा प्रदान करना हमारा कर्तव्य है।

सुक्खू ने कहा, ‘‘ हम सभी भाई-बहन हैं और हमें एकजुट रहना चाहिए।’’

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ तीर्थयात्रियों के महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद झड़प हुई, जबकि पर्यटकों का दावा है कि एक स्थानीय व्यक्ति की टिप्पणी के बाद झड़प हुई।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष के कुछ लोग नशे में थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब पर्यटकों ने हंगामा किया है। उन्होंने मांग की कि वाहनों की गहन जांच की जानी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राज्य में कोई हथियार नहीं ले जाया जा रहा है।

कुल्लू की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक मेले में स्थानीय लोगों और कथित तौर पर पंजाब के तीर्थयात्रियों के बीच झड़प में चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए। करीब 45 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दंगे करने का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

इस घटना के बाद, पंजाब के सैकड़ों तीर्थयात्रियों ने बिलासपुर जिले के गढ़ मौरा में सड़क जाम कर दी और आरोप लगाया कि हिमाचल पुलिस द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है। मौके पर पहुंची स्वारघाट पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस उपनिरीक्षक विक्रांत बोसंला ने एक घंटे में बाद जाम हटवाया।

घटना के बाद हिमाचल पुलिस के डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) संजय कुंडू ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से बात की।

हिमाचल पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘ हिमाचल प्रदेश में सभी पर्यटकों तथा तीर्थयात्रियों का स्वागत है। हिमाचल प्रदेश पुलिस सभी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को आश्वासन देती है कि उन्हें यात्रा के दौरान कोई परेशानी नहीं होगी।’’

ट्वीट में पुलिस ने कहा, ‘‘ हिमाचल प्रदेश के डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) संजय कुंडू ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से बात की है। ’’

ट्वीट में लोगों से झूठी खबरों व अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया गया है।

वहीं पंजाब के डीजीपी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाह न फैलाने को कहा है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ मणिकर्ण साहिब में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मैं लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने का अनुरोध करता हूं। मैंने डीजीपी से बात की है। हिमाचल और पंजाब पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं और फर्जी खबरें न फैलाएं।’’










संबंधित समाचार