Maharashtra: ठाणे की एक इमारत में लिफ्ट के 'डक्ट' में गिरने से नाबालिग की मौत

डीएन ब्यूरो

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक इमारत की लिफ्ट के संचालन के लिए बने 'डक्ट' में गिरने से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मौत (फाइल)
मौत (फाइल)


ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक इमारत की लिफ्ट के संचालन के लिए बने 'डक्ट' में गिरने से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात को उस वक्त हुई जब नाबालिग कल्याण कस्बे के खडकपाड़ा इलाके में धुले हुए कपड़े पहुंचाने गया था।

खडकपाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि लड़का इमारत से नीचे आने के लिए लिफ्ट में दाखिल हुआ, लेकिन यह 5वीं और छठी मंजिल के बीच फंस गई। उन्होंने बताया कि लड़का संभवत: घबरा गया और उसने दरवाजा खोला जिसके बाद वह 'डक्ट' में गिर गया।

अधिकारी ने बताया कि जब लड़का घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने तलाश शुरू की। परिजन रात करीब साढ़े दस बजे इमारत में ढूंढने पहुंचे और वहां उसे 'डक्ट' में पड़ा पाया।

उन्होंने बताया कि लड़के को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।










संबंधित समाचार