Crime in UP: मेरठ में किशोरी से गैंगरेप का आरोपी वकील गिरफ्तार, दो और लोगों पर बलात्कार का आरोप

डीएन ब्यूरो

मेरठ में एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी वकील को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, पीड़िता ने वकील के अलावा दो अन्य लोगों पर भी बलात्कार का आरोप लगाया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

प्रतीकात्मक चित्र
प्रतीकात्मक चित्र


मेरठ: मेरठ में एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी वकील को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, पीड़िता ने वकील के अलावा दो अन्य लोगों पर भी बलात्कार का आरोप लगाया है। 

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक किशोरी के बयान के आधार पर दौराला थाने में वकील रमेश चंद गुप्ता के खिलाफ दुष्कर्म और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था, तभी से आरोपी फरार था।

गौरतलब है कि नाबालिग कार्यालय सहायक से यौन शोषण के मामले में आरोपी वकील को बार एसोसिएशन से निष्कासित कर दिया गया है। बार एसोसिएशन ने गुप्ता से उपाध्यक्ष का पद भी छीन लिया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष कुमार सिंह ने गुप्ता की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि गिरफ्तार वकील को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

एसपी के अनुसार, मई के अंतिम सप्ताह में दौराला थाने में एक नाबालिग की गुमशुदगी के संबंध में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने जांच के दौरान लड़की को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने 16 जून को पीड़िता को बरामद कर अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसका बयान दर्ज किया गया और इसी के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के तहत धाराएं जोड़ी गईं।

पीड़िता ने अपने बयान में वकील के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता अरविंद मारवाड़ी और संजीव सिक्का का भी नाम लिया है।

पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि एक महीने से पुलिस गुप्ता की तलाश कर रही थी। मेरठ, सदर में वकील के घर से लेकर अन्य जगहों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। हाल में गुप्ता का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।










संबंधित समाचार