गोवा के सीएम ने उनके परिवार और बेटे को ‘बाहरी’ कहे जाने पर जानिये क्या कहा

डीएन ब्यूरो

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के पिता पांडुरंग सावंत ने कहा है कि उनके परिवार और उनके बेटे को ‘बाहरी’ कहा जाना कोई नयी बात नहीं है, लेकिन इससे उन्हें परेशानी नहीं होती।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत


पणजी: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के पिता पांडुरंग सावंत ने कहा है कि उनके परिवार और उनके बेटे को ‘बाहरी’ कहा जाना कोई नयी बात नहीं है, लेकिन इससे उन्हें परेशानी नहीं होती।

मुख्यमंत्री सावंत को अक्सर कुछ राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा ‘बाहरी’ का ठप्पा लगाया जाता है और उन्हें पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के सावंतवाड़ी का माना जाता है।

मुख्यमंत्री सोमवार को 50 वर्ष के हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री के पिता पांडुरंग सावंत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व पदाधिकारी रहे हैं। उन्होंने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि उनके परिवार का सावंतवाड़ी से कोई संबंध नहीं है और वे पिछली चार पीढ़ियों से उत्तरी गोवा के कोथम्बी गांव में रह रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दादा पोंडा (दक्षिण गोवा) के उंदिर गांव से बचपन में यहां आए थे, जहां हमारे परिवार के कुछ सदस्य अब भी रहते हैं। हमारा पुश्तैनी गांव उत्तरी गोवा के पेरनेम तालुका में पारसे है।’’

पांडुरंग सावंत ने कहा, ‘‘जब मेरे बेटे को 2008 में पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए चुना गया था, तो हमें इसी समस्या का सामना करना पड़ा था। किसी ने (भाजपा नेता) मनोहर पर्रिकर को बताया था कि प्रमोद सावंत एक बाहरी व्यक्ति हैं।’’

उन्होंने, हालांकि अपने बेटे (प्रमोद सावंत) को प्रशासकीय कौशल में पारंगत बनाने के लिए पर्रिकर की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

पेशे से चिकित्सक और उत्तरी गोवा के संखालिम से तीन बार के विधायक प्रमोद सावंत ने पहली बार 2012 में राज्य विधानसभा का चुनाव जीता था।

उन्होंने पहली बार 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री पर्रिकर के निधन के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भाजपा के राज्य विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने 2022 में मुख्यमंत्री के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल शुरू किया।










संबंधित समाचार