हिमाचल में चंबा-तीसा हाईवे पर भारी भूस्खलन, दुनिया से कटा चुराह घाटी का संपर्क, जानिये ये अपडेट

डीएन ब्यूरो

हिमाचल प्रदेश के चंबा जनपद में चंबा-तीसा हाईवे पर भारी भूस्खलन हुआ है। हाईवे पर पहाड़ से भारी पत्थर, चट्‌टानें और मलबा आकर गिरा, जिससे सड़क ब्लॉक हो गई और चुराह घाटी का संपर्क कट गया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

भारी पत्थर, चट्‌टानें और मलबा गिरने से हाईवे बंद
भारी पत्थर, चट्‌टानें और मलबा गिरने से हाईवे बंद


शिमला: हिमाचल प्रदेश के चंबा जनपद में भारी भूस्खलन की खबर है। शनिवार देर शाम को चंबा-तीसा हाईवे पर भारी भूस्खलन के कारण पहाड़ से भारी पत्थर, चट्टानें, मिट्टी और मलबा गिर आया, जिस कारण पूरा नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया है। इस भूस्खलन से चुराह वैली का संपर्क शेष हिमाचल और बाकी दुनिया से पूरी तरह से कट गया है। 

भूस्खलन के कारण हाईवे बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चांजू नामक स्थान के पास चट्टानें गिरने की घटना दोपहर बाद घटी। राहत की बात यह रही कि जब भूस्खलन हुआ, उस वक्त नीचे से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। वहीं सड़क और वाहनों का आवाजाही बंद होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

जानकारी के मुताबिक भूस्खलन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और हाईवे से जुड़ी टीमें मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल सड़क से मलबा हटाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी है।

बताया जाता है कि इस स्थान पर अक्सर लैंडस्लाइड होता रहता है। तीन दिन पहले भी भूस्खलन हुआ था। लैंडस्लाइड वाली जगह चंबा-तीसा राज्य मार्ग के ठीक ऊपर है। बीते दिनों चुराह घाटी में हुई भारी बारिश के कारण पहाड़ का कच्चा भाग गिर रहा है। जैसे ही यह रास्ता अवरुद्ध होता है तो विभाग की मौके पर मौजूद मशीन उसे फिर से खोल देती है। फिलहाल मार्ग को खोलने का काम जारी है।










संबंधित समाचार