हरियाणा विधान सभा चुनाव को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा को दिया ये बड़ा सुझाव

डीएन ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने 2024 में हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा का राज्य में ‘‘बहुत मजबूत’’ आधार है और उसे किसी दल के समर्थन की आवश्यकता नहीं है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह


चंडीगढ़:  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने 2024 में हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा का राज्य में ‘‘बहुत मजबूत’’ आधार है और उसे किसी दल के समर्थन की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जजपा) हरियाणा में 2019 में सरकार बनाने के लिए साथ आई थीं, क्योंकि दोनों के पास अपने दम पर बहुमत नहीं था।

सिंह (77) ने कहा, ‘‘भाजपा अब एक ऐसा दल है, जिसका पूरे राज्य में बहुत मजबूत जनाधार है। उसे किसी की आवश्यकता नहीं है। जरूरत पड़ने पर गठबंधन किया जाता है। (गठबंधन की) स्थिति तब बनती है, जब किसी व्यक्ति को लगता है कि उसकी स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ पाए, लेकिन राज्य में नौ साल से सत्ता पर काबिल हमारे दल की ऐसी स्थिति नहीं है।’’

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार सिंह ने कहा कि भाजपा ने एक स्थिर सरकार बनाने के लिए अजय सिंह चौटाला के नेतृत्व वाली जजपा के साथ गठबंधन किया था। उन्होंने कहा कि उस समय गठबंधन की आवश्यकता चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बनाने के लिए थी।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि गठबंधन पिछले साढ़े तीन साल से राज्य को प्रगतिशील बनाने के लिए काम कर रहा है, ‘‘लेकिन भविष्य में क्या हो सकता है, उसकी भविष्यवाणी कर सकने वाला मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं।’’

भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने हाल में कहा था कि भाजपा-जजपा गठबंधन मजबूत स्थिति में है और अच्छा काम कर रहा है। उन्होंने कहा था कि अगले साल संसदीय चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने को लेकर कोई भी फैसला बाद में लिया जाएगा।

बीरेंद्र सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हालांकि, अभी भविष्यवाणी करना जल्दबाजी होगी, लेकिन अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की लड़ाई मुख्य रूप से संभवत: कांग्रेस के साथ होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदर्शन का हरियाणा चुनाव पर थोड़ा असर पड़ सकता है।’’

सिंह ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के बारे में कहा, ‘‘भाजपा सरकार बनाएगी, मुझे इसमें कोई समस्या नहीं दिख रही है।’’

उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि वह राजनीतिक रूप से सक्रिय रहेंगे, लेकिन चुनावी राजनीति से दूर रहेंगे।










संबंधित समाचार