Raigad Irshalgad Landslide: महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 पहुंची, रेसक्यू को लेकर जानिये ये अपडेट

डीएन ब्यूरो

महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के एक गांव में भूस्खलन की घटना में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 16 पहुंच गई है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

रायगढ़ में रेसक्यू ऑपरेशन जारी
रायगढ़ में रेसक्यू ऑपरेशन जारी


मुंबई: महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के एक गांव में भूस्खलन की घटना में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 16 पहुंच गई है। 

भूस्खलन बुधवार रात करीब 11 बजे मुंबई से लगभग 80 किलोमीटर दूर खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में हुआ।

यह घटना इलाके में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते हुई।

अब तक, खोज और बचाव टीम ने 16 शव बरामद किए हैं। कम से कम 103 ऐसे लोगों की पहचान की गई है जो वहां रह रहे थे। उनमें से कुछ धान के खेतों में काम के लिए बाहर गए थे और कुछ बच्चे आवासीय स्कूलों में थे। उन लोगों की तलाश की जा रही है।

राज्य सरकार क्षेत्र में बचाव एवं राहत अभियान चलाने के लिए सभी प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में लगे कर्मियों से बातचीत की। सीएम शिंदे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह गांव भूस्खलन संभावित गांवों की सूची में नहीं था। अब हमारी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बचाना है।’’

शिंदे ने कहा, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और राज्य सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। लगातार भारी बारिश हो रही है और मलबे का 20 फुट ऊंचा ढेर लग गया है।’’










संबंधित समाचार