पश्चिम बंगाल सरकार पर भाजपा ने कानून व्यवस्था को लेकर लगाया आरोप, राज्य बन गया बम गोली और अन्याय की भूमि’

डीएन ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की और आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में राज्य महिलाओं के लिए ‘बम, गोली और अन्याय की भूमि’ बन गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी


नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की और आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में राज्य महिलाओं के लिए ‘बम, गोली और अन्याय की भूमि’ बन गया है।

पार्टी का यह हमला पश्चिम बंगाल के उत्तर 24-परगना जिले के एक बाग में मंगलवार को खून से लथपथ एक युवती का अज्ञात शव मिलने के बाद आया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं हैरान हूं... पश्चिम बंगाल से एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। यह याद दिलाता है कि कैसे बंगाल में महिलाओं के खिलाफ लगातार अपराध हो रहे हैं।’’

उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया, ‘‘मां, माटी, मानुष की बात करने वाली ममता बनर्जी ने आज राज्य को बम, गोली और बेटी के साथ अन्याय की भूमि बना दिया है।’’

इस घटना को लेकर बनर्जी पर निशाना साधते हुए पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर महिला के आंशिक रूप से जले हुए शरीर की एक कथित वीडियो क्लिप साझा की और लिखा, ‘‘पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की यही स्थिति है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन ममता बनर्जी एक शब्द भी नहीं बोलेंगी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर ‘तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण वाले और महिला तस्करी में शामिल अपराधी’ इसके पीछे हैं तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।

मालवीय ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों पर भी निशाना साधा और कहा कि क्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी पश्चिम बंगाल में महिलाओं की रक्षा करने में विफल रहने के लिए बनर्जी पर सवाल उठाएंगे?

उन्होंने कहा, ‘‘...या फिर विपक्षी गठबंधन की मजबूरी इसमें आड़े आएगी?’’










संबंधित समाचार