Manish Sisodia: मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ चंडीगढ़ में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, जानिये ये अपडेट

डीएन ब्यूरो

आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

चंडीगढ़ में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
चंडीगढ़ में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन


चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी आप कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने साथ ही यह आरोप भी लगाया कि भाजपा की सरकार अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

सीबीआई अधिकारियों ने 2021-22 की आबकारी नीति लागू करने में कथित भ्रष्टाचार को लेकर करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद रविवार को सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था। यह नीति अब रद्द की जा चुकी है।

यह भी पढ़ें | Chandigarh Mayor Poll: भाजपा के अनूप गुप्ता चंडीगढ़ के महापौर बने, 'आप' प्रतिद्वंद्वी को हराया

विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ में भारी पुलिस तैनाती की गई थी। संवाददाताओं से बात करते हुए, पंजाब के मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र को आड़े हाथ लिया।

राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन के मंत्री जिम्पा ने कहा, ‘‘वे (भाजपा) केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। जो कुछ भी हो रहा है, वह आपातकाल के दौरान भी नहीं देखा गया था।’’

प्रदर्शनकारी आप नेताओं ने आरोप लगाया कि आप को कल्याणकारी कार्यक्रमों को पूरा करने से रोकना भाजपा का ‘‘एजेंडा’’ है क्योंकि वह आप और उसके नेता अरविंद केजरीवाल की ‘‘बढ़ती लोकप्रियता’’ से ‘‘घबरायी’’ हुई है।

यह भी पढ़ें | Farmer Protest: क्या किसानों के साथ बनेगी केंद्र की बात, दिल्ली कूच से पहले चंडीगढ़ में होगी अहम बैठक

प्रदर्शनकारियों ने सिसोदिया की तस्वीर के साथ तख्तियां ले रखी थीं जिस पर लिखा था ‘‘शिक्षा मंत्री तुझे सलाम।’’ प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के खिलाफ नारे भी लगाए।

रविवार को, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिसोदिया की गिरफ्तारी पर केंद्र को आड़े हाथ लिया था और कहा था कि आप नेता केंद्र द्वारा सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग से डरते नहीं हैं और बिना किसी डर के लोगों की सेवा करते रहेंगे।










संबंधित समाचार